देशभर की स्त्री रचनाकार पात्र, चयनित पुस्तक की लेखिका को मिलेगा 25 हजार रुपये का सम्मान
सुप्रसिद्ध शिक्षाविद, साहित्यकार, झारखंड आंदोलनकारी और स्त्री एवं आदिवासी अस्मिता की प्रखर आवाज रोज केरकेट्टा की स्मृति में स्थापित ‘द्वितीय रोज केरकेट्टा साहित्य सम्मान 2026’ के लिए देशभर की स्त्री रचनाकारों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन की ओर से चयनित लेखिका को 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
फाउंडेशन ने प्रारंभ में इस सम्मान को केवल आदिवासी स्त्री रचनाकारों की कृतियों तक सीमित रखने की घोषणा की थी। इसके अंतर्गत पहला सम्मान विश्वासी एक्का की कथा-कृति ‘कोठी भर धान’ को प्रदान किया गया था। अब फाउंडेशन ने निर्णय लिया है कि यह सम्मान एक वर्ष आदिवासी स्त्री रचनाकार की कृति को और अगले वर्ष किसी भी भारतीय स्त्री रचनाकार की कृति को दिया जाएगा। इसी क्रम में वर्ष 2026 का सम्मान सभी समुदायों की स्त्री रचनाकारों के लिए खुला है।
किन पुस्तकों को भेजा जा सकता है?
सम्मान के लिए हिंदी में प्रकाशित कविता, कहानी, उपन्यास, नाटक, जीवनी, लेख अथवा किसी भी अन्य साहित्यिक विधा की पुस्तक भेजी जा सकती है। लेखिका की आयु 25 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पुस्तक का प्रकाशन 9 अगस्त 2024 से 20 सितंबर 2026 के बीच हुआ होना आवश्यक है।
आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवंबर
फाउंडेशन की सचिव वंदना टेटे के अनुसार, पात्र लेखिकाएं स्वयं आवेदन कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति किसी पात्र लेखिका की पुस्तक की अनुशंसा कर सकता है। आवेदन अथवा अनुशंसा की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 है।
प्रविष्टियां केवल निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। आवेदन के साथ संबंधित पुस्तक की तीन प्रतियां भी निर्धारित तिथि तक भेजनी होंगी।
आवेदन फॉर्म: यहां क्लिक करें
27 नवंबर को होगी सम्मान की घोषणा
सम्मान के लिए चयनित लेखिका के नाम की घोषणा 27 नवंबर 2026 को की जाएगी। सम्मान समारोह रोज केरकेट्टा की 86वीं जयंती, 7 दिसंबर 2026 को रांची में आयोजित होगा।
आवेदन प्रक्रिया, पुस्तक की प्रतियां भेजने के पते और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं:
रोज केरकेट्टा साहित्य सम्मान 2026 : विस्तृत जानकारी
संपर्क:
वंदना टेटे, सचिव
प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन, रांची (झारखंड)
मोबाइल: 9262975571
0 टिप्पणियाँ
इन्हें भी पढ़ें