रेड वेलवेट क्लब – प्रियंका ओम की कहानी | शब्दांकन

इस दुनिया में कहीं कोई एक जगह है जहाँ मेरा स्वागत ऐन उसी तरह होता है—जैसा मैं हूँ याकि जैसी मैं हूँ! ~ प्रियंका ओम (रेड वेलवेट क्लब)
रेड वेलवेट क्लब – प्रियंका ओम की कहानी
बिना खटखटाये खुलने की उम्मीद लिए मैं अक्सर ही उस दरवाज़े जा बैठती जो हमेशा तालाबंद रहता, मैं अपनी मुट्ठी में चाभी लिए देर तक कसमकश में रहती, मेरे भीतर कुछ खिलता चटक रंग का और फिर बदरंग हो जाता देखते-देखते, जैसे किसी ने फूंक दिया हो विष। सर उठाकर मैं उस पेड़ को टकटकी लगाये देखती जिसपर जीवन का एक भी चिन्ह नहीं था, फिर लौट आती उस चबूतरे पर जहाँ बैठ, मैं उम्मीदों के सब्ज़ ख़्वाब देखती और फिर उसमें आग लग जाती। सब राख हो जाता पलभर में! ~ प्रियंका ओम (रेड वेलवेट क्लब)

 प्रियंका ओम की कहानी ‘रेड वेलवेट क्लब’ पढ़ी। उनकी भाषा, लेखन को बरतने और कहने का ढंग अच्छा है। वरना जिस विषय पर यह कहानी है, उसे निभाना मुश्किल होता है!

~ भरत तिवारी

रेड वेलवेट क्लब | प्रियंका ओम की कहानी

कहानी सबके पास होती है, कहन का ढब उसे विशिष्ट बनाता है। असल में किस्सागोई बड़ी ही नफ़ासत का काम है, खास कर तब जब कहानी अपनी हो। कितना छुपाना है कितना बताना है यह भी एक कारीगरी है, ऐसी कारीगरी बड़ी ही ज़हीनी से हासिल होती है, यह यों नहीं कि बस कहना शुरू कर दिया और कहते चले गए बिना रुके धाराप्रवाह' कहकर डॉरेथी ने मेरी आँखों में देखा था एक घुड़क थी उसकी निगाहों में कि 'कहना ऐसे जैसे सुनने वाले पर कोई जादू चलाया हो, मंत्रमुग्ध कर देना उन्हें अपने कहन से' !

वह मुझे बेहतर जानती है मेरे साथ ऐसा नहीं हैं, मुझमें कहने का शऊर तनिक भी नहीं। मैं मामूली-सी बात भी ठीक से नहीं कह पाती हूँ। पता नहीं कहाँ से ऐसी हड़बड़ाहट आ जाती है कि बहुत-सी बातें विराम और अल्पविराम के मध्य ग़ायब हो जाती है या फिर पंक्तियां एक दूसरे पर चढ़ बैठती है, जैसे कुछ छ,छ,छ छूटता हो और कभी-कभी तो हकलाने भी लगती हूँ जैसे अभी।

हकलाहट से घबराहट होती है या घबराहट से हकलाहट यह मैं कभी समझ नहीं पाई किंतु कहीं कह ना दूँ सच के घबराहट से मैं अधिकतर चुप रहने लगी तब भी जब कहना जरूरी था निहायत ही। बेहद ही ग़ैरजरूरी तरीके से चुप्पी मेरे व्यक्तित्व का हिस्सा बनता गया, तबियत में खामोशी घुलती गई और मैं चुपचाप देखती रही। मौन मेरे जीने का ढंग रहा उम्र भर लेकिन डॉरेथी कहती है मुझे कहना चाहिए कि "स्वीकारोक्ति भी दरअसल मुक्ति है" !

मैं चौंक जाती हूँ,क्या वाकई मुक्ति इतनी सुगम है? एक सच जिस पर वर्षों से झूठ का मुलम्मा चढ़ा है उसे इतनी सरलता से उतार फेंकना कितना ही मुश्किल होगा। यूँ मुश्किलों से मेरा वास्ता पुराना है, इतना पुराना कि चाह कर भी मैं उसे अनदेखा नहीं कर सकती, कर भी दूँ गर किसी तरह सामने आ खड़ी होती है बेहयाई से।

मेरा जीवन तलवार की धार पर चलता रहता रहा है तमाम उम्र जो बीती है अब तक उस कहानी के दो अध्याय है। पहले के केंद्र में माँ है, माँ मेरा केंद्र रही है। जीवन माँ से विलग नहीं रहा कभी मेरा, माँ ढाल रही है जिसके पीछे मैं हमेशा सुरक्षित रही। माँ कवच थी मेरा, कोई भेद नहीं सका मुझे कभी उनके रहते। वह एक अभेद परत-सी बनी रही मुझपर सदा, अब माँ नहीं है तो मैं निहंग हो गई हूँ। वही थी दुनिया मेरी, अब हो गई हूँ दुनिया की उनके बिना। मैं तैयार हो रही हूँ दुनिया के लिए, उस सच को बेपर्दा करने जो ढँका छिपा रहा है अब तक।

एक निजी कमरा, जिसपर पर ताला चढ़ा रहता है हरदम। अलमारी में माँ की साड़ियाँ तह कर रखी है, श्रृंगारदान में लिपस्टिक, काजल और बिंदियाँ हैं। विदेशी फूलों की सुगंध वाली ख़ुशबूएँ और चूड़ियाँ भी। माँ चूड़ियाँ नहीं पहनती थी, पीसी माँ पहनती थी। बोलते हुए वह अधिकतर अपने हाथों से भी कहा करती थी, उनके कहने में घुला चूड़ियों का संगीत मेरे भीतर अव्यक्त मोह-सा आकर ठहर गया है, स्थायी रूप से बस गया कभी नहीं जाने के लिए!

इस कमरे में मैं कभी-कभी आती हूँ, बाद अरसे आज आई हूँ। लिपस्टिक लगाते हुए हाथ कंपकंपा रहें हैं धड़कन बढ़ी हुई है रह-रह कर विगत की तुर्श यादें सुई-सी चुभ रही हैं, पहले एक, फिर दूसरी, फिर तीसरी। एक-एक कर याद की अनगिनत सुइयाँ मेरे ज़ेहन को बींधती है, लहूलुहान आत्मा बंद किए अपनी आँखेंं अंतिम साँसों के साथ रीत रही हैं बीत चुके कल को, बदनुमा कल। धब्बेदार कल। जिसपर चढ़ी गाढ़े रंग की पुताई बोसीदा हो उतरने लगी है जगह-जगह से और फिर से नुमायाँ होने लगे हैं स्याह चकत्ते जिन्हें छुपाने की जद्दोजहद में चुक गई ज़िन्दगी, आज फिर उभर आया है वही पुराना घाव के टीस की तरह। कराहती, कपसती। और इस सबके साथ उभर आता है माँ का ग़ुस्से से तमतमाया चेहरा, औचक ही जैसे नीरव में चीखता है कोई रव!

पहला अध्याय

एक झन्नाटेदार थप्पड़ की आवाज से समूचा हाल गुंजायमान था, ग्यारहवें जन्मदिन पर भी कोई रियायत नहीं।

माँ को मेरा लिपस्टिक लगाना नागवार गुजरा था।

अबोध है अभी। माँ की सहेलियों ने मेरे मासूम होने की दुहाई दी, वे अनसुनी कर अपने पल्लू से मेरे होंठ रगड़ रही थी।

'आपकी तरह सुंदर दिखना है" आधी रात उनके सिसकने की आवाज़ सुनकर मैंने सफ़ाई दी, पीड़ित गाल को कई बार चूमने-सहलाने के बाद मुझे सीने से लगा सुबकने लगी थी माँ, ना जाने कब तक अपराधबोध की आग में झुलसती मैं माँ से लिपटी रही। उनका रोना असह्य था मेरे लिए, मैं उन्हें दुख नहीं देना चाहती थी लेकिन अनजाने ही उनके आँसू का कारण बन जाती जब-तब।

"तुम्हें नहीं शोभता यह सब" माँ कई-कई दफ़े समझाती किंतु श्रृंगार का लुभाव दिन-ब-दिन मुझे अपने मोहपाश में कसता जा रहा था, तंग, बतंग। मैं बेदम हुई कसमसाती, छटपटाती किन्तु छूट निकलने में ख़ुद को अबस, असहाय पाती। अक्सर, छुपकर, चोरी से, जब माँ नहीं होती काजल, लिपस्टिक और बिंदी सजाकर उनकी कोई साड़ी लपेट लेती, इतराती, शर्माती, ख़ुद पर मोहित हुआ करती।

ठीक अभी कृत्रिम बरौनियों में रंग भरती अपने लावण्य पर मैं आप ही आसक्त हो रही हूँ, माँ की साड़ी लपेटे मैं हुबहू माँ जैसी लग रही हूँ, उन जैसी ही दिलकश, दिलफ़रेब। माँ की तमाम साड़ियों में मेरी पसंद की सबसे सुंदर सुनहले बॉर्डर वाली लाल सिल्क साड़ी, इस साड़ी में माँ की एक तस्वीर है, माँ ने तस्वीर और साड़ी एक संदूक में बंद रखा था। फोटो में माँ की बगल में पिताजी हैं। दोनों खुश लग रहे हैं, अधिक दिनों तक नहीं रह सके थे, ख़ुश भी और साथ भी। मेरी चेतना में पिताजी की याद तनिक भी नहीं, मेरे जेहन में सिर्फ़ माँ की स्मृतियाँ है। पिताजी ने कभी पलट कर नहीं देखा, मेरी सुध भी नहीं ली। मेरे लिए माँ ही भगवान है और इस तस्वीर में माँ, दुर्गा माँ लगती है। मैंने तस्वीर से पिताजी को काटकर नाले में बहा दिया।

एक बार मैंने माँ से पूछा था पिताजी क्या बुरे इंसान निकले?

थोड़ी देर तक चुप रहने के बाद माँ ने संयत स्वर में कहा, 'नहीं, आम इंसान'।

प्रेम में देवत्व की चाह होती है इस बाबत मैं अनजान थी उन दिनों।

मालूम हुआ पिताजी सुदूर, अन्यत्र देश में खुशहाल जी रहे हैं। कोई विशेष स्त्री संग-साथ निभा रही है। "पिताजी" की पुकार लगाने वाली एक जोड़ी आवाज़ से मैं बिसरा गई शायद!

माँ के संदूक में और भी कई चीज़ें बंद हैं, मेरी मासूमियत भी। गुलाबी रंग की झीनी झबला फ्रॉक और बो वाली सफेद हेयरबैंड के साथ मेल खाती पॉमशू। स्कूल के एनुअल फंक्शन पर मैंने राजकुमारी का किरदार निभाया था, माँ ने ख़ुद अपने हाथों से सजाया था मुझे। भौंहों के ऊपर सफेद और लाल रंग की टिप, होंठों पर लिपस्टिक और नाखूनों पर पॉलिश लगाती माँ बेहद खुश लग रही थी, मैंने उन्हें इतना ख़ुश पहले कभी नहीं देखा था, वह बलैयाँ ले रही थी। कहा मैं बेहद प्यारी लग रही हूँ, मेरे जीवन का सबसे सुंदर दिन था वह, जब माँ ख़ुश थी। मेरे लिए माँ की ख़ुशी से बढ़कर कुछ नहीं था!

कभी-कभी किसी आम दिन भी मैं उस फ्रॉक को पहनती, माँ उसी तरह सजाती लेकिन ना खुश दिखती ना बलैयाँ लेती बल्कि एक खीज होता उनके वर्ताव में, अजीब-सा चिढ़चिढ़ापन, रोष पर संयम बरतते हुए वह सामान्य बने रहने का अभिनय करती जरूर लेकिन उनकी भाव-भंगिमा नापसंदगी का स्पष्ट संकेत देती। सिकुड़ी भवें, भींचे होंठ माँ मुझे पहले जैसी खुश नहीं लगती। वह बदल रही थी, मेरे श्रृंगार प्रेम के प्रति उनका रवैया सख्त होता जा रहा था, उस सुंदर दिन की याद कड़वाहट में तब्दील होती जा रही थी जिसे मैंने सबसे छुपाकर निज में सम्भाल रखा था!

उस इतवार किसी के जन्मदिन पर मैंने फिर से गुलाबी फ्रॉक पहनने की जिद्द की तो माँ ने थप्पड़ लगा दिया। यह पहली बार था जब माँ ने मुझे थप्पड़ मारा था और मैं चुपचाप चुप हो भी गई थी हाँ आँखों से प्रश्न की एक पतली धार जरूर बह निकली थी जिसका कोई ठोस जवाब माँ के पास नहीं था सिवाय उन्हें पोंछने के। इसके बाद मुझे चुप कराने का यह माँ का अचूक हथियार बन गया था जिसका इस्तेमाल वह बहुत ज़रूरत पड़ने पर ही किया करती थी और कभी-कभी कम ज़रूरत पर भी, फिर बाद में रोती, पुचकारती, दुलारती खूब मगर उनकी सख्ती फाँस बनकर अटक गई थी मेरे भीतर, चुभती रहा करती थी रात-दिन!

और फिर एक दिन मेरी अलमारी से फ्रॉक गायब हो गयी, बहुत ढूँढने पर भी नहीं मिली। मैं उदास रहने लगी थी कि जैसे मेरी ख़ुशी का एकमात्र कारण वह फ्रॉक ही रहा अब तक और अब कभी ख़ुश नहीं रह पाऊँगी। जी नहीं पाऊँगी उस फ्रॉक के बिना, ताप चढ़ आया था, लेकिन माँ पर कोई असर नहीं हुआ। ठंडी पट्टियाँ बदलती, वह वैसी ही बनी रही सख़्तज़ान,पाषाण। जब प्यार करती मुझे सुच्चा नहीं लगता, उनका ढोंग, उनका दिखावा लगता। माँ के प्रेम पर संदेह होने लगा था मुझे, यह संदेह और गहरा गया जब मैंने देखा धीरे-धीरे वे सभी चीज़ें ग़ायब होने लगी जो मुझे मोहती थी, खींचती थी, बुलाती थी, हाथ पकड़ रोकती थी अपने पास बिठा लेती थी। माँ के श्रृंगारदान से श्रृंगार की तमाम चीज़ें गुम हो गई, रंग-बिरंगी नेल पॉलिश की शीशियाँ, लिप्स्टिक्स की काली दाबियाँ, काजल की चुनैती और ख़ुशबूओं का बंद, सब नदारद। माँ को मुझसे रत्ती भर प्रेम नहीं, मेरा यक़ीं पक्का हो गया था!

किंतु फिर जलसों में भी उन्हें सादा देख मुझे कोफ़्त होती, ख़ुद के लिए रोष से भर जाती थी हर मर्तबा। एक ग्लानि भीतर ही भीतर मुझे जोंक की तरह चूसती, अपने आप से चिढ़ होने लगी थी मुझे, ख़ुद से विरक्त कई-कई बार बेहद असहाय महसूस करता मेरा बालमन और लगता काश मेरे हाथ कोई जादू की छड़ी होती जिसे घुमाकर सब ठीक हो जाता, या कोई ऐसा यंत्र जिसे धारण करते ही चमत्कारिक रूप से वक्त में पीछे लौट कर सब पहले जैसा सुंदर हो जाता जब माँ श्रृंगार किया करती थी और सजाया करती थी मुझे और लेती थी बलैयाँ।

माँ के जीवन में अपने होने को लेकर शशांकित रहने लगी थी मैं उन दिनों और उन्ही दिनों हमारे बीच एक रस्सी तन गई थी, अबोलेपन की। बिना बोले, खामोशी से चुप्पी घोंट रहे थे हम दोनों एक ही छत के नीचे कभी मैं केंद्र पर तो कभी माँ धुरी पर। ना बोलने के खेल में वक्त की खूँटी पर टँग गया था अनकहा, उतरे कपड़ों की तरह। वे बातें जो मैली नहीं थी फिर भी गंदला रही थी हमारे दरमियाँ को। घुन की तरह सच हमें भीतर ही भीतर खा रहा था, हम खोखले होते जा रहे थे अपने झूठ के आवरण में!

माँ ने कहा हम सभी आवरण ओढ़े हुए हैं, हमें कोई ना कोई सच दुनिया से छुपाना होता है और फिर उस दिन एक गिद्ध ने मुझे ताड़ लिया!

पता नहीं क्यों पीसी माँ ने मुझे साथ लाने की ज़िद की थी, उनकी पोती की छठी थी। माँ रोज़ समझाती, घुट्टी की तरह पिलाती "वहाँ ठीक से चलना, संभल कर बोलना" लेकिन माँ ने जाना कुछ चीज़ें कभी नहीं छुपती है, लाख यत्नों के बाद भी नहीं।

गिद्ध घर के आस-पास मंडराने लगा था, कुछ सूंघता हुआ, कुछ ढूंढ़ता हुआ। कभी-कभी मैं खिड़की का पर्दा जरा-सा हटाकर उसे देखती और देखती वह मुझे ही देख रहा है। उसकी नज़र शिकारी थी, वह मेरा शिकार करना चाहता था। उसकी आँखेंं, उसके देखने का अन्दाज़ एक डर बैठ गया था मेरे बाहर भीतर, मैं सिहर जाती!

घर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी, माँ सोने से पहले तस्दीक करती कि तिहरे बंद वाला दरवाज़ा ठीक से बंद है या नहीं। कमरे का साँकल भी जांच लेती, वह मुझे साथ सुलाने लगी थी अपने से चिपटाकर। मैं माँ की धड़कनें सुनते गिनते सो जाती, सपने में लकड़बग्घों का एक झुंड मुझे घेर लेता। ख़ून उबलती आँखेंं, लार टपकती जीभ, नुकीले दंत पंक्तियां, गहरी-गहरी साँसे इतनी कि समूचा वजूद कंपकपा जाता। वे धीरे-धीरे मेरी तरफ़ बढ़ते, उनकी आँखों में मैं अपनी मौत देखती, भय से मेरी चीख निकल जाती और माँ मुझे और कस लेती। मेरा शक बह कर दूर हो गया था, माँ के प्रेम पर यक़ीं लौट आया था!

फिर एक दिन गिद्ध की मौत खबर अख़बार में छपी माँ ने मेरे सामने अख़बार रखते हुए कहा अब डरने की जरूरत नहीं, सतर्क रहने की है। मैं सतर्क होने लगी, ऊँची आवाज़ में बात करना और तनकर चलने का अभ्यास मुझे बदलने लगा था।

"बिना पुरुष स्त्री को कमजोर समझती है दुनिया" माँ अक्सर बड़बड़ाती।

यूँ उच्च अधिकारी माँ एक मज़बूत स्त्री का जीवंत उदाहरण है, चेहरे पर हमेशा ही कठोरता की जिल्द और आवाज़ में ऐसा रौब मानो विरासत में मिली हो लेकिन आजकल बेतरह व्यथित रहती हैं, नामालूम-सा विचलन उनके व्यतित्व का हिस्सा हो गया है जैसे। उनके चेहरे पर तिरती बेचारगी मुझे पश्चाताप के उस गहरे गर्त में ले जाती जहाँ रोशनी की एक किरण भी लब्ध नहीं, अपने कदमों को कंधे पर रख बाहर निकल आना चाहती थी उस अंधेरे और बदबूदार एकांत से किंतु ना जाने कौन-सी शक्तियाँ खींचती थी नीचे से जहाँ अपनी छाया भी पराई थी, इतनी पराई के हाथ लगते ही गुम हो जाती अनंत में!

बिना खटखटाये खुलने की उम्मीद लिए मैं अक्सर ही उस दरवाज़े जा बैठती जो हमेशा तालाबंद रहता, मैं अपनी मुट्ठी में चाभी लिए देर तक कसमकश में रहती, मेरे भीतर कुछ खिलता चटक रंग का और फिर बदरंग हो जाता देखते-देखते, जैसे किसी ने फूंक दिया हो विष। सर उठाकर मैं उस पेड़ को टकटकी लगाये देखती जिसपर जीवन का एक भी चिन्ह नहीं था, फिर लौट आती उस चबूतरे पर जहाँ बैठ, मैं उम्मीदों के सब्ज़ ख़्वाब देखती और फिर उसमें आग लग जाती। सब राख हो जाता पलभर में!

मेरे भीतर एक द्वंद चल रहा था सच और झूठ के बीच। अधिकतर मैं अपने सच के साथ होना चाहती लेकिन माँ की आँखों में तैरती बेचारगी मुझे उनके झूठ का कर देती। मैं ही माँ की दुनिया हूँ, उनके जीने का एकमात्र सहारा - यह बात भावुक क्षणों में वह मुझसे कई मर्तबा दुहरा चुकी थी "तुम्हारे अलावा मेरा कोई और नहीं इस दुनिया में", मेरा भी नहीं कोई और उनके अलावा!

मैंने एक चित्र बनाया मेरा और माँ का, तस्वीर में मैं पुरुष के भेष में हूँ। हाँ मैं पुरुष हूँ!

मैं अपनी चिट्ठियाँ लिफ़ाफ़े में रखने लगी थी। वह लिखता रहा मुझे, मैं उन्हें पढ़ने से बचती रही लेकिन कभी कभी एकांत के पलों में चिट्ठी से निकल शब्द बिखर जाते थे आस-पास, जैसे पत्ते टूटकर शाखों से, मैं उन शब्दों को समेटकर ओढ़ लिया करती जब रूमानियत थर्रा देती थी पूस की ठिठुरती रात सी।

और अंत में पछतावों के असभ्य मवेशी मुझे भीतर ही भीतर नोचते, खसोटते, पसलियों में ममोड़ उठती। मैं घुटनों में सिर दिए होती!

दूसरा अध्याय

सरसरी तौर देखने पर जीवन का दूसरा अध्याय भी पहले जैसा ही हैं। कुछ ख़ास नहीं बदला है सिवाय इसके कि मैं गिद्ध और लकड़बग्घे वाली दुनिया छोड़ एक ऐसी दुनिया में आ बसा हूँ जहाँ इस बात से किसी को कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि मैं पुरुष हूँ या स्त्री। हालांकि पहले खंड के अंत में यह मान चुका हूँ कि मैं पुरुष हूँ। झूठ का यह पैरहन ओढ़े-ओढ़े इतना आदी हो चुका हूँ कि अब यह झूठ ही मुझे मेरा सच लगने लगा है। मेरा कड़वा सच यही है कि मैं एक पुरुष हूँ, लिंग के साथ पैदा हुआ हूँ लेकिन मन स्त्री का रहा सदा। माँ ने मुझे मेरे मन का नहीं होने दिया, मैंने अपने शरीर को जिया और जीता आ रहा हूँ अब तक !

पीछे पलटकर देखता हूँ तो लगता है मैंने ज़िन्दगी जी नहीं, निभायी मात्र है और क्या खूब निभायी है, स्वयं पर गर्व होता है, इस ख्याल से मुस्कुराहट तिर आती है चेहरे पर और आँखों में एक चमक उतर आती है, मैं अपनी पीठ ख़ुद थपथपा लेता हूँ इसके साथ ही दर्द की एक हल्की-सी चीख बायीं कोहनी से निकल कंधे से लेकर उंगलियों तक सरपट दौड़ गई, फिर चुपचाप आकर वहीं बैठ गई - ऐसे जैसे अब कोई इसे हिला नहीं सकता। चिपक गया,किसी तरह नहीं निकलेगा, जम गया है, पिघलने से बाज आता दर्द का यह कतरा अजाने ही मेरे एकाकी का संगी हो गया। मुझे दर्द का होना सुहाता है,भला-सा लगता है उसका होना। मेरा कोहनी के बल गिरना ठीक हुआ था उस दिन सचमुच!

यूँ मेरे जीवन में कभी कुछ ठीक नहीं रहा मगर मैं ठीक मानता रहा हमेशा ही। जब भी ग़लत हुआ, मुझे लगा यही होना ठीक है। मैं इतना अधिक आश्वस्त होता कि शायद के श के लिए भी जगह नहीं बनती, मेरे जीने का ढंग यही रहा। मुझे कोई शिकायत नहीं, मेरा जीवन उलाहनों से रिक्त रहा, तमाम अधिकताओं पर मैं मात्र मुस्कुराता रहा, निभाता रहा ज़िन्दगी जिस तरह पेश आती रही।

आजकल निभा रहा हूँ मेरे होने की दोहरी भूमिका। दुनिया के सामने एक है, दूसरी जो मैं यहाँ होता हूँ। जो मैं यहाँ हूँ वही मैं हूँ। मेरा असल दुनिया से छुपा है, कई बार मुझे लगता है स्वयं को छुपाये रखना भी बेहद जरुरी कामों में से एक है, क्योंकि जब आपके पास कोई और नहीं होता तब आपका स्वयं अपना होता है और आप स्वयं के होते हैं,स्वयं की तरह से स्वयं के लिए होते हैं। मैं यहाँ स्वयं से मिलने आता रहता हूँ, यहाँ आने वाले सभी स्वयं से ही मिलने आते हैं। ठीक तैंतीस मिनट पहले आया ऊपर का कॉलम और मुझे यकीन है मेरे बाद का कॉलम भी स्वयं की खोज में आता होगा!

आजकल हर व्यक्ति स्वयं को अपने भीतर तहों में छुपाये रखता है और जो बाहर दिखाई देता है वो कोई और होता है। वह कोई और दुनिया का होता है, दुनिया के लिए होता है। दुनिया को जीना सरल है बजाय स्वयं के जीने के। स्वयं को जीने की ख़ातिर बाज दफ़े मैं यहाँ चला आता हूँ या यूँ कहूँ क़दम आप ही इधर मुड़ आते हैं। तलवों को एक चाह हौले-हौले सहलाती है, गुदगुदाती है और मैं चल देता हूँ यंत्रवत उन्ही चीन्हें राहों पर जिनसे संबंध सध गया है एक नामालूम सा, मूँद भी लूँ यदि आँख तो बिना किसी भटकाव के पहुँच आऊँगा यहाँ।

मेरे कदमों को यहाँ का पता ठीक उसी तरह याद हो आया है जैसे रास्ते बताने वाले मैप को हर जगह का होता है। कोई बुलाहट है इस जगह में,एक गूंज घुली हुई है आबहवा में पुकार की साँय-साँय करती, मैं मेरा नाम सुनता- कौशिक...कौशिक...अपने भीतर की खामोशी में यह अनुगूंज लिए मैं दोहरा होता रहता हूँ कि इस दुनिया में कहीं कोई एक जगह है जहाँ मेरा स्वागत ऐन उसी तरह होता है - जैसा मैं हूँ याकि जैसी मैं हूँ!

मेरे ऐसे होने से माँ को दुख होता था, माँ के दुख से मुझे दर्द होता था। यह दर्द मेरे भीतर सुरक्षित रखा हुआ है किसी क़ीमती वस्तु सा, मैंने इसे कभी अपने आप से दूर नहीं होने दिया, इसकी मौज़ूदगी मुझे माँ की उपस्थिति का एहसास देती है!

रेड वेलवेट क्लब हम जैसों की अपनी बनाई दुनिया है, यहाँ हम अपनी तरह से होते हैं अपने आप में खोए, सोए दूसरों की मौजूदगी से बेपरवाह, विरक्त आप में मगन। यहाँ बिताया एक-एक लम्हा नितांत निजी होता है। बेहद व्यक्तिगत लम्हे, यहाँ मैं, मैं की तरह होता हूँ ख़ुद में आपादमस्तक, कोई और नहीं होता मैं यहाँ!

शहर के पश्चिमी छोर पर समुंदर किनारे बसा यह क्लब झूठ से तंग हुई मेरी ज़िन्दगी का ऐसा साझीदार हुआ है जिसके साथ रहते हुए वक्त पारे-सा पिघल तो जाता है किंतु फिर भी ठहरा हुआ ही रहता है,एक विशेष आकृति में, ना दिन-सी उलझी-सुलझी होती न रात-सी संजीदा। गोधूली-सी बदगुमा एक गंध लिए अलहदा-सी, साँसों में घुलती हुई, मगज पर चढ़ती हुई। कोई कशिश जादुई इसमें, मुझपर तारी, मुझे बेसुध करती, एक मृगतृष्णा, भटकाव कि मैं सब भूल बिसर जाता हूँ, कोहनी का दर्द भी। सच तो यह है ज़िन्दगी के दिए सारे दर्द भूल जाता हूँ मैं यहाँ आकर !

डॉरेथी कोहनी के दर्द के साथ आई है ज़िन्दगी में। फ़िजियोथेरेप्सिट है, मेरी खिसकी हुई कोहनी को दुरुस्त करने का प्रयास कर रही हैं।

औसत क़द-काट की काया, पुरुषों जैसे कटे सुनहले-सफ़ेद खिचड़ी बाल, चेहरे पर फ़्रैकल्स और हल्की नीली आँखेंं। सफेद और लाल रंग की आड़ी धारियों वाली पोलो और खाखी शोर्ट। बढ़े-रंगे नाखून भी नहीं, ना कान में बूँदे, न गले में कुछ, हाँ दायीं कलाई में मौली जैसा कुछ जरूर है, शायद किसी स्थानीय ने इसकी सादगी का फ़ायदा उठाया या जानते बूझते यह उनके झाँसे में आई, मदद के ख्याल से। पहली बार में बस इतनी ही छाप छपी डॉरेथी की, पैरों में बिर्केस्टॉक और एक बैग पैक भी था साथ में। हफ़्ते के तीन दिन की मुलाकातों में कुछ ख़ास नहीं बदला हाँ पोलो की जगह टी शर्ट या शर्ट और शॉर्ट की जगह ट्राउजर या जीन्स।

यह जानते हुए कि सभ्य समाज में ऐसी बातें पूछना उचित नहीं माना जाता लेकिन तब भी थोड़ी ढीठता दिखाते हुए एक दिन मैंने पूछा "तुम्हें ड्रेस पहनना पसंद नहीं?"

नहीं, कहकर चुप हो गई थी। मैं भी चुप रहा अपनी धृष्टता पर पछताते हुए। फिर ना जाने क्या सोचकर उसने कहा "मुझे लड़कियों जैसे रहना अच्छा नहीं लगता"।

एक पल की चुप्पी के दौरान अपने चेहरे पर उभरी कठोरता को वह छुपा नहीं पाई थी, मैंने आगे कुछ और पूछना उचित नहीं जाना फिर एक दिन उसने ख़ुद ही कहा "मुझे लगता है भीतर से मैं पुरुष हूँ" कहते हुए वह बेहद सामान्य थी हालांकि नजरें किसी संगीन गुनहगार-सी बचती-बचाती इधर-उधर लुकती छुपती रही जरूर।

शायद मुझमें एस्ट्रोजन की मात्रा सामान्य से कम है, उसने कहा।

डॉरेथी की छुअन पुरुषों के स्पर्श जैसा एहसास देती है और देह गंध मर्दाना है।

उसने आगे कहा यह ख़ुशबू हमेशा से मेरी अपनी हैं और मैं भटकती रही दर-ब-दर एक झूठ की तलाश में। एक भ्रम, भटकाव मुझमें पैवस्त रहा हमेशा ही।

"कई मर्तबा हम ख़ुद की तलाश में भटकते हैं ताउम्र जैसे मृग, कस्तूरी की खोज में" कहकर मैंने लंबी साँस ली, आवाज बहुत भीतर से निकली थी।

वह बड़ी ही शाइस्तगी से मेरी पोशीदा चिट्ठियाँ पढ़ रही थी, जो यूँ ही पड़ी रही बरसों बरस अनछुई, अनमनी अनगिनत चिट्ठियाँ जिन्हें मैंने नहीं पढ़ा। वह लिफाफा दर लिफाफा उधेड़ रही थी, मैं हर हर्फ़ बेआबरू हो रहा था। नंगेपन का एहसास मेरे पैर पकड़कर ज़िल्लत के गहरे गर्त में खींच रहा था, मैं उतरता जा रहा था गहरे और गहरे फिर एक दिन अचानक ही "नग्नता किसी और की खाल से बेहतर है" कहकर उसने मुझे उबार लिया हीनता के दलदल से!

कहीं पढ़ा था मैंने कि 'चिट्ठियाँ रखी-रखी ज़र्द पड़ जाती है' और यह भी पढ़ा है कि 'पढ़ना अच्छी आदत' है तब फिर मैंने क्यों नहीं पढ़ा उन चिट्ठियों को, क्यों नहीं बचा लिया उन्हें ज़र्द होने से?, मैं क्यों रोकता रहा ख़ुद को उन्हें पढ़ने से??!

डॉरेथी ने कहा उसे पता मालूम है ऐसी जगह का जहाँ ज़र्द हुई चिट्ठियाँ पढ़ी जाती है।

मेरी उम्मीद भरी आँखों को उसने दिखाया रेड वेलवेट क्लब का मूनिंगा वुड वाला खुला अहाता जहाँ से सबकुछ उज्ज्वल और सुस्पष्ट दिखता है, फैला आसमान, पसरा समंदर, मुर्ग़ाबी परिंदे और उसकी आत्मा के छाले। पैरों पर भूरे दाग भी। उसने कहा वह अपनी टोली की सबसे शानदार गोलबाज थी, फुटबॉल के खेल में वह लड़कों को मात देती थी लेकिन गोल के इनाम में पिता गर्म चिमटियाँ चटका देते !

मैंने उसके दाग सहलायें और देखा उसकी आँखें तरल हो आई थी।

मैंने जाना दिखाई देने वाले दाग और अदृष्ट दागों में कोई अंतर नहीं होता, सहलाने से सजीव हो आते हैं दोनों ही!

क्लब के स्वागत कक्ष में कोने की टेबल पर सूखे फूलों की माला चढ़ी, सफ़ेद बिल्ली की तस्वीर बरबस ही मुझे रोक लेती है, उसकी गहरी काली आँखेंं ऐसी ममत्व से देखती मालूम पड़ती है मानों पुरखिन हो कोई, स्नेह उमड़ी, अपनीयत से लबालब हाल पूछती चमकीली आँखेंं। कैसी तो जीवंत तस्वीर है। मैं उसपर हाथ फिराता हूँ, कोमल रोयेंदार स्पर्श, ऐसा लगता है वह तस्वीर में जीवित हो गई हैं। वह तस्वीर मेरे भीतर जीवित हो रही है, मुझे लग रहा है मैं वही बिल्ली हूँ और यह तस्वीर मेरी है!

इसे एक कालीन बुनने वाले एक तुर्किश कारीगर ने बनाया है, सिल्क धागे से। नीचे कुर्दिश में लिखा है "तुम्हारे प्रेम में, ओज़न" डॉरेथी ने बताया कुछ बरस पहले वह यहाँ कालीन का व्यवसाय करने आया था और इस क्लब में उसका आना जाना था। उसे यहाँ की कॉफ़ी बेहद पसंद थी और कॉफ़ी के साथ कसाटा पर तो वह मर मिटता था। कुछ तो यह भी कहते हैं वह यहाँ अन्द्रू के लिए आता था और जब भी आता यह बिल्ली उसके आस-पास ही मंडराती। वह प्याली में थोड़ी-सी कॉफ़ी छोड़कर बिल्ली की तरफ़ बढ़ा देता। कहने वाले यह भी कहते हैं कि यह बिल्ली कोई और नहीं बल्कि वह ईरानियन किस्सागो है जो घंटों यहाँ बैठकर जाने क्या लिखती रहती थी, कॉफी दर कॉफ़ी मँगाती और जब लौटती तब मुड़े-तुड़े कागजों का ढेर लगा होता और कॉफ़ी की खाली प्यालियाँ पड़ी होती। कहती थी वह ऐसी कहानी कहना चाहती थी जो पहले कभी किसी ने ना लिखी पढ़ी हो!

मैंने वह कहानी पढ़ी है, यह उनकी आख़िरी कहानी थी जो उनकी मृत्यु के बाद प्रकाशित हुई थी। वह हम जैसी थी। डॉरेथी की आवाज़ में निराशा थी!

बाद मरने के मैं भी यहाँ फिरा करूँगा बिल्ली बनकर, मैंने बेसाख़्ता कहा।

मुझे बिल्लियाँ पसंद है, कहते हुए डॉरेथी की आँखों में रेशम उतर आया। उसने बढ़कर मेरे होंठों पर अपने होंठ रख दिए, वह चिट्ठी जो अधूरी लिखी रह गई थी स्कूल के बाथरूम में अब मुकम्मल हो गई थी!

माँ की साड़ी में मैं बीच चेयर पर अधलेटा डेनेज़ स्मिथ की "डोंट कॉल अस डेड..." पढ़ रहा हूँ, एक किरण रुपहली नोज रिंग से टकरा कर वापस लौट रही है, झुमके कंधे चूम रहे हैं।

डॉरेथी मेरी यह तस्वीर मुझे दिखाते हुए कहती है "यह तुम हो कौशिकी, वाक़ई में"।

मैं अपने होने के एहसास में डूब जाता हूँ आकंठ!!!


प्रियंका ओम

ईमेल : pree.om@gmail.com
निवास : तंज़ानिया (अफ़्रीका)
स्थायी पता : जमशेदपुर (झारखंड)
विभिन्न प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं एवं वेबसाइट पर रचनाएँ प्रकाशित।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ