विज्ञापन लोड हो रहा है...
कृपया एडब्लॉक बंद करें। हमारा कंटेंट मुफ्त रखने के लिए विज्ञापन ज़रूरी हैं।
Vyang लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Vyang लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

लिटरेरी कार्निवाल में हिन्दी का लेखक - पंकज प्रसून | Hindi writer in Literary Carnival - Pankaj Prasun


मैंने पूछा -‘वन बीएचके क्यों? वह बोला-‘जानता हूँ आप हिन्दी के लेखक हैं इसलिए’ लेखन में मुकाम हासिल करना आसान है, मकान हासिल करना बहुत टफ है। बुक करा लीजिये आसान किश्तों में।

लिटरेरी कार्निवाल में हिन्दी का लेखक

पंकज प्रसून 

पिछले दिनों ‘लखनऊ लिटरेरी कार्निवाल’ में हिन्दी का लेखक यानी मैं तमाम सारी उम्मीदें लेकर गया था। पेज थ्री गेदरिंग थी वहां पर। साहित्य के तमाम पृष्ठ मिलकर भी पेज थ्री के ग्लैमर का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। साहित्यकार और स्टार में फर्क साफ़ दिख रहा था। भीड़ तो जुटी थी पर इस भीड़ जुटने का कारण ऑफिस में छुट्टी का होना था। कुछ लोग सपरिवार कार्निवाल 'एंज्वाय' करने आये थे। भारत के भविष्य कुर्सियों को झूला बनाकर साहित्यिक स्टाइल में झूल रहे थे घुसते ही विंटेज कारों के काफिले से मेरा सामना हुआ। जहाँ कुछ आधुनिक नारियां उन कारों के इर्द गिर्द लोक लुभावनी मुद्राओं में पोज देकर कई युवा साहित्यकारों को श्रृंगार लिखने को प्रेरित कर रही थीं। एक फिलोसफर का दर्शन शास्त्र जो अब तक भटकाव का शिकार था, विषय केन्द्रित हो रहा था। उसे दर्शन बोध हो रहा था। विश्व विद्यालय के अंग्रेजी विभाग के शोध छात्र- छात्राएं हाथ में पिज्ज़े का डिब्बा लिए हुए समोसाजीवी हिन्दी शोधार्थियों को हेय दृष्टि से देख रहे थे। ठीक उसी तरह जैसे सलमान रुश्दी पंकज प्रसून को देखते होंगे। शहर के एक बड़े लेखक का स्वागत करने कोइ नहीं आया। कसूर संयोजकों का नहीं, लेखक के फेसकट का था, वह लिखने वाले लेखक थे। कुछ दिखने वाले लेखकों की खूब आवभगत की जा रही थी। 

          गेट पर अतिथियों का टीकाकरण किया जा रहा था। नाम देखकर नहीं बल्कि कोट देखकर। एक हिन्दी के एक मेहनती लेखक (टैलेंटेड नहीं) हीन भावना के शिकार हो रहे थे, क्योंकि वह सदरी पहन कर आये थे। सो उसके माथे पर टीका नहीं लगाया गया था। मुझसे देखा नहीं गया। मैंने उनको अपना कोट देकर रीटेक करवाया। तो माथे पर टीका लग पाया। हालांकि वह इसको कलंक का टीका बता रहे थे। मैंने उनको ढांढस बंधाया, 'काहे हो दिल पर ले रहे हैं आप, साहित्य में तो हिन्दी को 'माथे की बिंदी' कहा गया है, जो महिला लेखिकाएं लगाती हैं। आप ठहरे पुरुष लेखक। शुक्र मनाइए कि अंग्रेजी टीके ने आपकी लाज बचाई है। ' उनका माइंड मेक अप हो गया था। वह भन्ना रहे थे और इस अपमान के विरोध में साहित्यिक पत्रिका में लिखने की सोच रहे थे। पहली बार अनुभव् किया कि एक लेखक आलोचक कैसे बन जाया है। 

          अन्दर प्रकाशक के नहीं। इंश्योरेंस कम्पनियों वालों के स्टाल थे। वहां पुस्तकें नहीं पालिसीज बिक रही थीं। मार्केटिंग मैनेजर पीछे ही पड़ गया, 'सर, प्लीज टेक दिस पालिसी। वनली फिफ्टी थाऊजेंड प्रीमियम। ट्वेंटी लाख मैच्योरिटी। 'मैं बोला-‘बहुत महंगी है' वह समझ गया कि मैं हिन्दी का लेखक हूँ। उसने पैंतरा बदला -'चिंता मत कीजिये सर दूसरा प्लान है मेरे पास पचास रूपये प्रीमियम। पांच सौ मैच्योरिटी' उसने हिन्दी को औकात दिखा दी थी। किसी तरह पिंड छुडा कर भागा मैं। 

          मैं कलाम की पुस्तक 'अग्नि की उड़ान' खोज रहा था। तभी एक स्टाल से रिसेप्शनिस्ट बोली -आइये सर, उड़ान एयर होस्टेस ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट वेल्कम्स यूं'। मैं बोला - 'अग्नि की उड़ान ढूंढ रहा हूँ'। वह बोली -'सर, आप बुक पढ़िए, पर उड़ान इंस्टिट्यूट में अपनी बहन का एडमिशन जरूर करायें। डिस्काउंट ऑफर चल रहा है' ।

          मैं लिटरेरी हॉल में इंट्री करने ही वाला था कि पीछे से एक सूटेड बूटेड साब ने आवाज़ दी। सर मेरे भी स्टाल पर आइये। फ्री मेडिकल चेक अप करा लीजिये। मेरी लम्बाई और वजन का अनुपात कैलकुलेट करके बोला -'सर आपका बी एम् आई बढ़ा हुआ है, खतरनाक हो सकता है। आप शहर के एक प्रतिभाशाली लेखक हैं, और आपको तो पता ही है कि आजकल साहित्यकारों पर काल सर्प योग चल रहा है, बस तीन महीने का कोर्स है। स्लिम एंड ट्रिम हो जायेंगे। अंग्रेजी लेखकों की तरह। 

          मैंने पूरी इच्छा शक्ति के साथ हॉल में घुसने की चेष्ठा की तभी एक कंस्ट्रक्शन कम्पनी वाले ने मेरी और रुख किया-‘आइये सर, वन बीएचके वनली ट्वेंटी लाख। ’ मैंने पूछा -‘वन बीएचके क्यों? वह बोला-‘जानता हूँ आप हिन्दी के लेखक हैं इसलिए’ लेखन में मुकाम हासिल करना आसान है, मकान हासिल करना बहुत टफ है। बुक करा लीजिये आसान किश्तों में। मैंने मना कर दिया। सामने से एक शायर आ रहे थे। मैं बोला -'ये बड़े शायर हैं, आप इनको अपना प्लान बताइये। ये खरीद लेंगे। वह बोला - क्या ख़ाक खरीदेंगे। दूसरों की ज़मीन से ही इनका काम चल जाता है, कई जमीनों पर अतिक्रमण कर रखा होगा'। 

          मैं लिटरेरी हॉल की और बढ़ रहा था। साहित्य की उम्मीद में। पर बार-बार बाजार बीच में आ जा रहा था। साहित्य बाजारवाद का शिकार क्यों होता जा रहा है। इस सवाल का जवाब मिल रहा था। 

          एक और घूँट पीकर पम्पलेट लेकर अन्दर आया तो एक अमेरिका से आया एक भारतीय युवा शायर उर्दू शायरी की धज्जियाँ उड़ा रहा था। ’वह एक सेर पेस कर रहा था’ उर्दू शायरी में अंग्रेजी शब्दों का प्रयोग कर वह खुद को प्रयोगधर्मी बता रहा था। ऐसा उच्चारण था कि एक पहाडी को को भी खुद पर गर्व होने लगे। मुझे घोर आश्चर्य हुआ जब एक अंगरेजी लेखक को हिन्दी में बोलते देखा। वह स्टोरी को कहानी के अंदाज में पढ़ रहे थे। और हिन्दी पर एहसान कर रहे थे। 

          देश के तमाम सारे साहित्यिक आयोजन तब तक हिट नहीं माने जाते जब तक कि विवादों की भेंट न चढ़ें। इस विवाद के केंद्र में सबसे पहले महिला विमर्श रहता है जहां नारी अपनी पीड़ा को को लेकर तमाम सवाल उठाती है। यहाँ भी नारी तमाम सवाल उठा रही थी जो स्टालों पर गूँज रहे थे –‘ जीरो फिगर ताउम्र मेनटेन क्यों नहीं हो पाता है, एलोवेरा के जूस को आप मीठा क्यों नहीं बना पा रहे, आपके ब्यूटी ट्रीटमेंट पैकेज में पेडीक्योर की उपेक्षा क्यों की जा रही है? सामान्य साहित्यिक आयोजनों में महिला सशक्तिकरण की सिर्फ बात होती है। यहाँ दिख रहा था-‘ एक अंगरेजी पसंद पत्नी ने बीस हज़ार का हेयर स्पा पॅकेज बुक कराया था और पति के बाल विहीन खोपड़ी के लिए एक एक टोपी तक नहीं खरीद रही थी। उसको हेयर ट्रान्सप्लान्टेशन के स्टाल पर खड़े तक नहीं होने दे रही थी। उसका मानना था कि ये लोग बेवकूफ बनाते हैं। जबकि वह अपने पति कि बेवकूफ बना रही थी यानी यहाँ महिला सशक्तिकरण के साथ पुरुष दुर्बलीकरण भी दिख दिख रहा था। 

          हाल के अन्दर फिल्मों पर बात हो रही थी और दलित विमर्श बाहर चल रहा था, । शहर के उपेक्षित हिन्दी लेखक गेट पर खड़े होकर अपने भूत और भविष्य के बारे में चिंतित हो रहे थे। अपनी दीनता की बात कर रहे थे-‘चार महाकाव्य लिखने के बाद आखिर मैं एक टाई क्यों नहीं खरीद पाया’, ‘मेरा अभिनन्दन ग्रन्थ छापा गया पर यहाँ कोई नमस्कार करने वाला नहीं’। ’मेरे कृतित्व पर एमफिल हुआ पर वुडलैंड के जूते न ले पाया। ’’इसमें कौन सी बड़ी बात है, मेरे ऊपर तो पीएचडी हुयी है पर क्या मैं पीटर इंग्लॅण्ड की शर्ट खरीद पाया? मैंने हिन्दी के इन उपेक्षित साहित्यकारों के विमर्श को ही दलित विमर्श मान लिया था। 

          शाम ढल चुकी थी। जिस प्रतिष्ठान में साहित्यिक कार्निवाल हो रहा था उसी प्रतिष्ठान के ठीक बगल के एक दूसरे पंडाल में डीजे बज रहा था। साहित्य और शादी अगल-बगल चल रहे थे। दोनों ही हाई प्रोफाइल थे। साहित्य कोट पहन कर शादी के मंडप में घुस सकता था। शादी लहंगे में साहित्य के पास आ सकती थी। इसी को सांस्कृतिक विनमय कहते होंगे। आयोजकों ने डिनर की व्यवस्था क्यों नहीं की, यह राज भी पता चला। साथ में इस ज्ञान का बोध भी हो गया कि कोटधारी लेखक कभी भूखा नहीं सो सकता। 

          शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिन्दी-उर्दू दिखाई पड़ी। एक ओर ग़ज़ल गायक मजाज लखनवी का शेर पढ़ रहा था –‘'हिजाबे फतना परवर अब उठा लेती तो अच्छा था, खुद अपने हुस्न को परदा बना लेती तो अच्छा था। ’तो दूसरी और डीजे से आवाज़ आ रही थी। गंदी बात। गंदी गंदी गंदी बात। अन्दर बेग़म अख्तर को याद किया गया जा रहा था, बाहर बेगम को ले जाने के लिए दूल्हा बारात लेकर आ चुका था। जैसे ही उनकी गायी ग़ज़ल बजी -'ऐ मोहब्बत तेरे अंजाम पे रोना आया’ दूसरी और 'तमंचे पे डिस्को शुरू हो गया। हिन्दी उर्दू का अद्भुत संगम हो गया था। गंगा जमुनी तहजीब जीवंत हो उठी थी। 

          लिटरेरी कार्निवाल की विदाई के वक्त बराती जमकर नाच रहे थे इसमें कुछ आयोजक भी थे। इस कोलाहल के पीछे का कारण एल्कोहल था। आयोजक नाचते हुए बोला-‘लखनऊ हम पर फ़िदा हम फ़िदा-ए-लखनऊ। तभी एक बाराती ने शेरवानी उतारी और हवा में लहराते हुए बोला –‘देखो उतर गया है लबादा-ए –लखनऊ। 


पंकज प्रसून 
टीएम-१५ टैगोर मार्ग 
सी एस आई आर कालोनी 
लखनऊ 
मो-9598333829
ईमेल kavipankajprasun@gmail.com

अशोक चक्रधर - बी.एल.कपूर अस्पताल से Ashok Chakradhar from B L Kapoor Hospital

चौं रे चम्पू 


— अशोक चक्रधर


— चौं रे चम्पू! इत्ती बार मिलायौ, फोन चौं नाय उठावै?

— बेहोशी की हालत में कैसे उठाता चचा? मेरा ऑपरेशन चल रहा था। साल भर पहले साइकिल भिड़ंत के बाद घुटने की जो हड्डी तुड़ा ली थी, उसको डॉ. यश गुलाटी ने बड़े जतन से ऑपरेशन करके, तार बांधकर जोड़ दिया था। कुछ महीने तकलीफ़ में रहा, फिर चल निकला। फ़िज़ियोथैरेपी रंग लाई, कुछ तैराकी ने पैर को सक्रिय किया और कुछ नियमित टहलने से पैर ठीक हो गया। जनवरी में बेटा एक नई गाड़ी दिला गया। बहुत दिनों से नहीं चलाई नहीं थी, नई गाड़ी ने  स्वयं चलाने की ललक बढ़ा दी। बढ़िया चलती है। लेकिन दिल्ली की भीड़ भरी सड़कों पर जो दौड़ाई और अधिकांश वक्त क्लच पर जो पांव टिकाए रखा, उसने ये जलवा दिखाया कि जो पैर स्वस्थ महसूस करने लगा था, दर्दायमान हो उठा। डॉक्टर गुलाटी को दिखाया, एक्स-रे कराया तो पाया कि पटेला हड्डी पर लिपटे अन्दर के तार दो तीन जगह से टूट चुके हैं। यानी, अब इन्हें निकलवाना होगा। मैं भी चाहता था कि शरीर के अन्दर कोई विजातीय तत्व पड़ा है तो काहे को पड़ा रहे? डॉ. गुलाटी ने डाले थे, उन्हीं से निकलवाने थे। वे अपोलो छोड़ कर बीएलके अस्पताल आ गए तो इस वक़्त मैं भी बोल रहा हूं बी.एल. कपूर अस्पताल से। ओटी में चार-पांच डॉक्टर थे। सबके सब कविता-प्रेमी। मेरे अचानक एनैस्थीसित होने तक कवि-गोष्ठी जारी थी। बेहोशी और रिकवरी रूम से थोड़ी देर पहले ही निकल कर कक्ष में आया हूं। फोन खोला तो आपके मिस्ड कॉल देखे। सो मिला लिया और सुना दी रामकहानी।

— अबाज भर्राई भई ऐ तेरी। जादा मती बोल। कौन ऐं तेरे संग?
तार-पुरुष

— बागेश्री जी हैं, स्नेहा-डेविड हैं और राजीव जी हैं।

— निकर गए सिगरे तार?

— दो सेंटीमीटर का एक टुकड़ा रह गया है। रह गया तो रहा गया। आगे कष्ट देगा तो देखेंगे। बहुत से लोगों के शरीर में तो मोटी-मोटी रॉड्स पड़ी रहती हैं। धीरे-धीरे शांतिपूर्ण सहअस्तित्व कायम हो जाता है। अभी भी आधी सी बेहोशी है, आधा जाग रहा हूं। पता नहीं कहां-कहां के कैसे-कैसे सपने देख रहा था।

— कछू याद ऐं तोय?

— कहते हो जादा मती बोल अब ख़ुद ही बुलवा रहे हो। हां जो ताजा देखे हैं, वे याद हैं। मैं एवरेस्ट की चोटी पर ध्वजारोहण करना चाहता था। मुझसे थोड़ी ही दूरी पर एक पर्वतारोही दल था। अचानक बहुत तेज़ तूफ़ान आया। लोग बर्फ में उड़ने लगे। पूरा का पूरा दल पैराशूट्स से लैस हो गया। लेकिन पैराशूट्स मेड इन चाइना थे। फ़ट गए। फट गए तो सब फट-फट गिरने लगे। कुछ बर्फ़ में दब गए। झण्डा मैंने चोटी पर नहीं गाड़ा, जहां मैं खड़ा था वहीं गाड़ दिया और जुट गया उन्हें बचाने। सपने में पता नहीं मेरे अन्दर कौन सी ताकत थी कि तूफान मेरा कोई अहित नहीं कर पा रहा था और मैं उन्हें बचा रहा था। बहुत सारे लोग बचाए। फिर मैंने वहां बर्फ में ही कक्षा ली उनकी। पूरी तैयारी के साथ क्यों नहीं आते हो? विपदा-प्रबंधन पर मेरा भाषण चल रहा था। पता नहीं कहां से एक ब्लैक-बोर्ड आ गया जिसे बर्फ़ में टिकाने में कोई दिक़्क़त नहीं आई। मेरे अंदर भूतनाथ रिटर्न्स वाली ताकतें आ गईं थी। दिव्य-धवल कक्षा काफ़ी देर चली।

— सब छोरा ए कै छोरी?

— दोनों ही थे। पर मैंने ध्यान नहीं दिया कि कितने छात्र हैं कितनी छात्रा। विद्यार्थी तो विद्यार्थी हैं, उनमें लिंगभेद क्या करना? बहरहाल हैप्पी एंडिंग सपना था। अवचेतन में एक मुक्ति का सा अहसास था। दिल के तार थोड़े ही टूटे थे, जो परेशानी होती। ये तो घुटने के अन्दर के फालतू के तार थे। टूट गए, तो निकाल दिए गए। बात ये है चचा कि दिल के तार मजबूत रहें तो अच्छे सपने आते हैं। परेशानी तब होती है, जब दिल के तार टूटते हैं। शुभचिंतक सदा की तरह मेरे प्रति सजग रहते हैं, कष्ट नाम की चीज होने नहीं देते। मित्रों की शुभकामना से, सभी आत्मीयों के शुभचिंतन से पूर्ण होश में आ गया हूं। जल्दी चलता-फिरता दिखाई दूं और ग़मों को चलता-फिरता करूं, तमन्ना यही है।

Ashok Chakradhar from B L Kapoor Hospital

नारी के सवाल अनाड़ी के जवाब - अशोक चक्रधर | Nari ke Saval Anadi ke Jawab - Ashok Chakrdhar


नारी के सवाल अनाड़ी के जवाब - अशोक चक्रधर
नारी 

के 

सवाल 

अनाड़ी 

के 

जवाब

अशोक चक्रधर

प्रश्न 1. अनाड़ी जी, जो लोग बात-बात में सौगंध खाते हैं, उन पर आप कितना भरोसा करते हैं?


मीनाक्षी गर्ग
244, मकरपुरा रोड, बड़ौदा-390009 (गुजरात)

       सौगंध खाने वाले लोगों को मैं
       अपनी मुस्कान से पोसा करता हूं,
       लेकिन उनका सिर्फ़
       नौ-गंध भरोसा करता हूं।
       ऐसे लोग अपनी सज-धज में तो
       अनूठे होते हैं,
       पर नाइंटी वन परसैंट
       झूठे होते हैं।
       अरे, गंध खाने की नहीं
       सूंघने की होती है
       फिर भी सौ गुना करके खाते हैं,
       उनके चक्कर में
       सचाई के फूल कुम्हला जाते हैं।


प्रश्न 2. अनाड़ी भैया, छात्र एग़्ज़ाम से डरता है, मरीज सर्जरी से डरता है तो आप किससे डरते हैं?

यासू गर्ग
D/o. पवन गर्ग
पोस्ट-कंवाली-123411, जिला-रिवाड़ी (हरियाणा)

       मैं पंडित, प्रीस्ट, काजी से नहीं डरता,
       मैं किसी भी तथाकथित महान से
       या उसके पिताजी से नहीं डरता।
       मैं डरता हूं अपने दिल और
       दिमाग की भाप से,
       मैं डरता हूं अपने आप से।

प्रश्न 3. अनाड़ी जी, वो प्यारी सी चीज क्या है, जिससे आपके चेहरे पर हमेशा हल्की सी मुस्कान रहती है?

प्रियंका पाठक
द्वारा- डॉ. जीतराम पाठक
संजय गांधी नगर, रोड नं. 10, हनुमान नगर
पटना-800020 (बिहार)

       मैं अगर मुस्कुराता हूं,
       तो इसका अर्थ है कि
       अपने ग़म छिपाता हूं।
       लूट है खसोट है मारामारी है,
       भूख है ग़रीबी है
       कालाबाज़ारी है।
       विसंगतियां करती हैं
       नित नया तमाशा,
       फिर भी चेहरे की मुस्कान के पीछे
       एक प्यारी सी चीज़ है— आशा!

प्रश्न 4. अनाड़ी जी, हम सब बच्चे रहें तो कितने अच्छे रहें?

रेणु श्रीवास्तव
404, मां भगवती कॉम्पलैक्स 
बोरिग रोड चौराहा, पटना-1 (बिहार)

       क्या बात है
       कितना अच्छा रहे,
       अगर हर कोई बच्चा रहे।
       फिर बड़ा होने पर भी
       बूढ़ा होने पर भी
       कोई मरेगा नहीं,
       क्योंकि जब तक मारे न जाएं
       बच्चे मरते हैं कहीं?


प्रश्न 5. अनाड़ी जी, क्या आप अपने दिल की बात ग़ज़ल में बता सकते हैं?

नैना विश्नोई
गढ़वाली मौहल्ला
लक्ष्मी नगर
दिल्ली-110092

       दरिया जैसा मेरा दिल है,
       इसमें लहरों की महफ़िल है।

       क़त्ल हुआ आंखों के आगे,
       आंखों में ही तो क़ातिल है।
     
       इसका बिल चुकता हो कैसे,
       जेब न मेरी इस क़ाबिल है।

       लहरें जड़ तक पहुंच रही हैं,
       इतना सटा हुआ साहिल है।

       सब पढ़ते हैं तू लिखता है,
       तू भी पढ़ तू क्यों जाहिल है?


प्रश्न 6. अनाड़ी जी, क्या यह कल्पना की जा सकती है कि रामायण वाला रामराज वापस आएगा?

रागिनी देवी निगम
EWS-480, केडीए कॉलोनी
देहली सुजानपुर, पोस्ट-सीओडी-208013
जिला-कानपुर नगर (उ.प्र.)
       गाथा के सब चरित्र जीवन में फैले हैं
       लेकिन आज वे उजले नहीं, मैले हैं।
       रघुकुल के रीति-वचन मिट्टी के मोल हैं,
       रावण की काया पर रामजी के खोल हैं।
       सोने की लंका से वानरों की तस्करी है,
       शिक्षा-साहित्य सभी गुरुओं की मसखरी है।
       केवटों की गुहों की झोपड़ियां जल रही हैं,
       उन्हीं को फंसाने की योजनाएं चल रही हैं।
       कौशल्याएं, सुमित्राएं मुकदमे लड़ रही हैं,
       शबरी, अहिल्या नारी-केन्द्रों में सड़ रही हैं।
       राम के नाम पर लूट ही लूट है,
       बंदरों को भालुओं को लूटने की छूट है।
       कहने में होता है मुझको अफ़सोस तो,
       रामराज सपना है हकीकत नहीं दोस्तो।
       धन्य भाव से धान्य नहीं होना है,
       रामराज का यही तो रोना है।
       संतोषी प्रतीक्षा में कुछ बदलता नहीं है,
       कोरे सपनों से देश चलता नहीं है।
       अतीत के व्यतीत में झांकने के लिए
       बात भले ही रामराज की हो,
       लेकिन ज़रूरी है कि आज की हो।


प्रश्न 7. अनाड़ी जी, स्वार्थ हमें कहां ले जाएगा?

समृद्धि
24-बी, सदर बाजार
श्रीगंगानगर-335001

       योगी कहता है
       स्वार्थ ले जाता है
       जीते जी नर्क में,
       भोगी कहता है
       स्वार्थ ले जाता है
       जीते जी स्वर्ग में।
       मैं समझता हूं कि
       स्वार्थ ही एक स्तर पर
       परमार्थ है,
       लेकिन तय होगा इससे कि
       किसके द्वारा, किसके लिए
       किसका स्वार्थ है।


किसके पास नहीं हैं द्रोणाचार्य —अशोक चक्रधर | Ashok Chakradhar on Suhash Joshi

चौं रे चम्पू

किसके पास नहीं हैं द्रोणाचार्य

— अशोक चक्रधर


— चौं रे चम्पू! उदैपुर ते सूधौ ई मुंबई चलौ गयौका?


द्रोणाचार्य ने एकलव्य को नहीं बनाया, एकलव्य ने बनाया था द्रोणाचार्य को। उसके पास तो बस एक कल्पना थी द्रोणाचार्य की।
— नहीं चचा, एक दिन के लिए दिल्ली रुका था। ये मुंबई भी अपनी गति से चलने वाली नगरी है। काम आते हैं तो बुलावे आते हैं, तत्काल चले आओ। चले आए। काम भी किए जाएंगे, पर कल शाम एक शानदार व्यक्ति से मुलाकात हुई।

— सानदार कूं सानदार ई मिल्यौ करैं हैं।

— मुझे अपनी तारीफ़ नहीं सुननी चचा! मुझे मिले थे, सुहास जोशी। मुम्बई आता हूं तो जुहू स्थित पृथ्वी थिएटर जाना बहुत अच्छा लगता है। ये जगह नाट्यकर्मियों के लिए ही नहीं, कला प्रेमियों और शास्त्रीय सौंदर्याभिरुचियां रखने वालों के लिए भी बड़े सुकून की जगह है। यहां की प्रकाश-व्यवस्था,अच्छा खाना, बैठने का साफ़सुथरा सलीका लुभाता है। यहां आने वाले लोग नामीगिरामी भी होते है, नवोदित भी। कोई हाय तौबा नहीं, सब धीमी आवाज़ में बतियाते हैं। ग्लैमर को वहां कोई परेशानी नहीं होती। क्रिएटिविटी यहां ग्लैमर की रक्षा करती है।रचनात्मक क्षमता रखने वालों के बीच अंतर्संवादहोते हैं। एक बरगद का पेड़ है जिसके तले अनुभवों का लेना-देना होता है। सुहास जोशी उसी पेड़ के नीचे बैठकर अठारह साल से बांसुरी बजा रहे हैं। जब भी यहां आता हूं, मेरा सौभाग्य है कि हर बार मैं उन्हें वहां देखता हूं। कल उनसे पहली बार बात करने का मन हुआ।

— तेरे बारे में पतौ ई उनैं कै तू कबी ऐ?

— नहीं चचा, उन्हें मेरे बारे में कुछ भी नहीं पता था। कुछ बताया भी नहीं। उन्होंने जानना भी नहीं चाहा। अपनी दुनिया में मग्न रहने वाला एक भव्य सा व्यक्तित्व। मूलत: आर्किटैक्ट हैं। लम्बी धवल दाढ़ी। खल्वाट मस्तक। मोटे फ्रेम का चश्मा। आईपैड पर तानपुरे और तबले की संगत। मेरे एक पुराने मित्र ने बताया कि वहां से कुछ लेते या वहां का कुछ खाते नहीं देखा गया उन्हें। शाम को आते हैं, रात को लौटते हैं। कोई बड़ा स्पीकर नहीं लगाते। न लोग उनके बांसुरी बादन पर तालियां बजाते हैं। एक मधुर मद्धम सी बांसुरी की गूंज अब पृथ्वी थिएटर का हिस्सा बन चुकी है। जिस दिन वे नही आते,पृथ्वी थिएटर को बुरा लगता है।

— तेरी का बात भई उन्ते?

— उन्होंने बताया कि पेड़ के नीचे का यही ठिकाना अपना लगता है। मैंने पूछा कि इस पेड़ में कोई ख़ूबी ज़रूर है जो आपको बुलाता रहता है। वे बोले, इस पूरी जगह में ही ख़ूबी है। बैठने के बाद पेड़ तो मुझे दिखता ही नहीं है। पेड़ मुझे देखता रहता है। स्कूल टाइम से थियेटर किया करता था। काफ़ी समय मैंने सोचा कि प्रोफेशन करना है या नाटक करना है। नाटक से पेट नहीं पलता, प्रोफ़ेशन ज़रूरी है। मैंने पूछा कि बांसुरीवादन की तरफ़ झुकाव कैसे हुआ, वे बोले, एक दिन सोलह-सत्रह घंटे काम करने के बाद दिमाग एकदम से खिसक गया कि ये मैं क्या कर रहा हूं! अपना सारा समय प्रोफेशन और फैमिली को दे रहा हूं, अपने लिए कोई समय नहीं। पेन्सिल और स्केल रख दिए एक तरफ़। म्यूजिक सुनने का शौक था, सोचा बांसुरी सीखेंगे। यूजर फ्रेंड्ली वाद्य है। बांसुरी को बगल के थैले में डालकर कहीं भी ले जाओ। मैंने पूछा किसने सिखाई? जवाब देने के स्थान पर उन्होंने मेरे ऊपर ही एक सवाल दागा।

— का सबाल दागौ?

— महाभारत का कौन सा चरित्र सबसे ज़्यादा प्रभावित करता है? मैंने ज़्यादा दिमाग यह सोचकर नहीं लगाया कि उनके पास कोई निश्चित उत्तर निश्चित रूप से होगा, कह दिया, कृष्ण। वे हंसे, फंस गए न? आउट ऑफ़ द बॉक्स सोचा ही नहीं। कृष्ण! सब लोग यही जवाब देते हैं। मुझे एकलव्य अच्छा लगता है। उसने मुझे, कैसे सीखना है, ये सिखाया है। उसने अपना मार्ग स्वयं बनाया था। द्रोणाचार्य ने एकलव्य को नहीं बनाया, एकलव्य ने बनाया था द्रोणाचार्य को। उसके पास तो बस एक कल्पना थी द्रोणाचार्य की। असली द्रोणाचार्य से कुछ लेना-देना नहीं था उसका। अधिकांश कलाकार एकलव्य हैं और… किसके पास नहीं हैं द्रोणाचार्य! फ़िल्मी गीतों से सीखता हूं, सिर्फ़ बांसुरी वादकों से नहीं, अन्य वादकों और गायकों से सीखता हूं। बांसुरी की तानों में ख़ुद को खोजता हूं। मैंने कहा, अपनी खोज को रोकिए मत सुहास जी, उठाइए बांसुरी।

— फिर?

— फिर क्या? हमारी बातचीत बंद हो गई, वे आंख मूंद कर बांसुरी बजाने लगे।

—अशोक चक्रधर

हिंदी सिखाने में हिंदी फिल्मों की भूमिका — अशोक चक्रधर | Choun re Champoo - Ashok Chakradhar

nakornpathom

चौं रे चम्पू 

बैंकाक क्षेत्रीय हिंदी सम्मेलन

—अशोक चक्रधर


—चौं रे चम्पू! बैंकाक के हिंदी सम्मेलन के बारे में चौं नायं बतावै?  

—आप जानना ही कहां चाहते थे? आपके सवाल तो बैंकाक के दूसरे पक्षों पर ज़्यादा केंद्रित थे। अब क्या बताऊं? तब से अब तक समय-गंगा के घाट से न जाने कितनी घटनाएं बह गईं। तुम्हारे चम्पू को तीन दिन पहले पद्मश्री मिली, उसकी क्यों नहीं पूछते?

—वाकी का पूछैं? बो तौ मिलि गई! सबन्नैं देखि लई, सबन्नैं पतौ चलि गयौ। जो नायं पतौ सो बता, बगीची के लोगन्नैं! बता सम्मेलन में का भयौ?

—आपकी बात भी ठीक है चचा! दरअसल, भारत में जिस तरह हम हिंदी पढ़ाते हैं, उस तरह से विश्व के अन्य हिस्सों में नहीं पढ़ा सकते। हर देश की अपनी अलग-अलग मिजाज़ की भाषा और संस्कृति हैं, जिनकी निजी-विशिष्ट आवश्यकताएं हैं। उनको ध्यान में रखते हुए हिंदी के पाठ्यक्रम और पाठ्य-सामग्री का निर्माण करना होगा और उनके अनुसार ही नई शिक्षण-पद्धतियां ईजाद करनी पड़ेंगी।

—काम कहां होयगौ? भारत में कै बिदेसन में?
दिल्ली में बैठकर निदेशालयों, संस्थानों में (हिंदी सिखाना) नहीं हो सकता। रचनात्मक क्षमता रखने वाले ऐसे विद्वान अध्यापकों को शिक्षण-सामग्री-निर्माण के लिए विदेशों में भेजा जाना चाहिए, जिनमें भाषाई संरचनाओं को समझने और सीखने का माद्दा हो।
—अगर हम भारत में रहकर कार्य नहीं करा सकते तो उन अध्यापकों की सहायता लें जो भारत से भेजे जाते हैं। हर भूखण्ड, उपमहाद्वीप या महाद्वीप के देशों की भाषाएं मिलती-जुलती होती हैं। क्षेत्रीय हिन्दी सम्मेलनों का लाभ यही है कि जिस देश में आयोजित किया जाए, उसके आसपास के देशों के हिंदीकर्मी जुटते हैं और समस्याओं को साझा करते हैं।

—कित्ते देसन के लोग आए हते लल्ला?

—दक्षिण पूर्व एशिया के म्यांमार, मलेशिया, इंडोनेशिया, सिंगापुर और फिलीपीन्स से लोग आए थे। इन सभी जगहों पर छोटे-बड़े स्तर पर हिंदी पढ़ाई जा रही है। मलेशिया से आए नर्तक श्रीगणेशन ने बताया कि पारम्परिक रूप से तो हिंदी पढ़ाई ही जाती है, लेकिन इधर के वर्षों में हिंदी सिखाने में हिंदी फिल्मों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। भारतीय फ़िल्मों के गीतों, संवादों की मदद से विद्यार्थी बड़ी तेज़ गति से हिंदी सीखते हैं। और यह बात सिर्फ़ उन्हीं की नहीं है चचा! न्यूयॉर्क में अंजना संधीर ने हिंदी फ़िल्मी गीतों के उपयोग से शिक्षण-सामग्री बनाई। वे तो एक ही गीत से तीन काल पढ़ाती थीं, भूत, वर्तमान और भविष्य, ‘सौ साल पहले मुझे तुमसे प्यार था, आज भी है और कल भी रहेगा’। इसी तरह से कारक-विभक्तियां, संधि, समास, मुहावरे इन सबका शिक्षण प्रो. तोमिओ मिज़ोकामी ने जापान में किया, लोकप्रिय हिंदी गीतों और नाटकों के ज़रिए।  थाईलैंड के प्रो बमरुंग खामिक मुझे सात-आठ साल पहले जापान में मिले थे उन्होंने एक पावर-प्वाइंट प्रस्तुति से अपने हिंदी-शिक्षण के तरीक़े बताए। इधर उन्होंने थाईलैंड के अपने हिंदी अध्ययन-अध्यापन के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि वे यूनीकोड का व्यापक स्तर पर प्रयोग करना चाहते हैं, लेकिन सही प्रशिक्षण का अभाव है। म्यांमार में हिंदी पत्र-पत्रिकाओं और पुस्तकों का प्रकाशन फिर से होने लगा है, ऐसा डॉ. सुशील कुमार बाजौरिया ने बताया। एस. पी. सिंह का मानना था कि बौद्ध-धर्म से तो संस्कृत और पालि पल्लवित हुईं लेकिन आर्य समाज के आंदोलन ने हिंदी के विकास में बहुत बड़ी भूमिका अदा की। थाई भाषा में कितने ही शब्द हैं  जो संस्कृत या पालि से लिए हुए हैं और हमें लगते हैं हिंदी के निकट। ‘अ जर्नी फ्रॉम संस्कृत टु हिंदी’, सनित सिनाग का पर्चा भी अच्छा था। उनका मानना था कि भाषायी निकटता के सूत्रों को खोजकर अगर ज्ञात से अज्ञात की और चला जाए तो अच्छी शिक्षण-सामग्री बनेगी।

—ज्ञात से अज्ञात! का मतलब भयौ?

—मतलब यह कि जितनी जानकारी सीखने वालों के पास पहले से है, उसी को प्रस्थान-बिंदु बनाया जाए। बास्निन नाम का एक शोधछात्र मुझे नौकोर्न पौथोम पगोडा दिखाने ले गया। कहते हैं कि यह पगोडा थाईलैंड में बौद्ध-धर्म का प्रवेश-द्वार है। बास्निन ने बताया कि ‘नौकोर्न पौथोम’ बना है ‘नगर प्रथम’ से। हिंदी में कहते तो ‘प्रथम नगर’ कहते। यानी, ज्ञात से अज्ञात का एक शिक्षण-बिंदु यह बना कि हिंदी में विशेषण पहले लगाए जाते हैं, थाई भाषा में बाद में। चचा, काम सरल नहीं है। दिल्ली में बैठकर निदेशालयों, संस्थानों में नहीं हो सकता। रचनात्मक क्षमता रखने वाले ऐसे विद्वान अध्यापकों को शिक्षण-सामग्री-निर्माण के लिए विदेशों में भेजा जाना चाहिए, जिनमें भाषाई संरचनाओं को समझने और सीखने का माद्दा हो। डॉ. केदार नाथ शर्मा ऐसे ही विद्वान अध्यापक हैं बैंकाक में।

चौं रे चम्पू, 'थाई पुण्यवी की अल्पना' —अशोक चक्रधर | Choun re Champoo - Ashok Chakradhar


चौं रे चम्पू 

थाई पुण्यवी की अल्पना  

—अशोक चक्रधर

—चौं रे चम्पू! कब लौटि कै आयौ बैंकाक ते?

—कल रात ही लौटा हूं। तीन दिन पहले वहां एक कविसम्मेलन था। दिव्य हुआ। श्रोता चार घंटे हिले नहीं। लतीफ़ाविहीन शुद्ध उमंग-तरंग का कविसम्मेलन। मेरे साथ पवन दीक्षित, तेज नारायन तेज और मधुमोहिनी उपाध्याय ने ख़ूब रंग जमाया। आयोजक सुशील धानुका और प्रदीप सिंहल प्रसन्न थे। कुछ श्रोता जिन्हें पिछले सात-आठ बरस में हास्य कविसम्मेलन के नाम पर लतीफ़े सुनने की आदत पड़ गई है वे ज़रूर थोड़े निराश हुए होंगे।

—तौ तुम चारों कल्ली लौटे औ का?

—नहीं! वे तीनों तो अगले ही दिन लौट गए थे। मैं गया बैंकाक शहर से लगभग तीस किलोमीटर दूर शिल्पाकोर्न विश्वविद्यालय। वहां ‘द्क्षिणपूर्व एशियाई देशों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के विविध रूप’ विषय पर दो दिन की अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रीय हिंदी संगोष्ठी होनी थी। एक दिन पहले ही पहुंच गया था। 

—तैंनैं बैंकाक की रातन की रंगीनी नायं देखी?

—अरे चचा बीस-पच्चीस साल पहले सपत्नीक गया था। देह-व्यापार देख कर बड़ी वितृष्णा सी हुई थी। पुराने क़िस्से फिर कभी, अभी शिल्पाकोर्न विश्वविद्यालय की सुनो। संगोष्ठी के स्थानीय संयोजक संस्कृत के आचार्य डॉ. केदार नाथ शर्मा थे। सीधे सरल स्वभाव के बिंदास विद्वान। विश्वविद्यालय के संस्कृत अध्ययन केंन्द्र में पिछले तीन साल से संस्कृत और पालि पढ़ा रहे हैं। उन्होंने देखा कि संस्कृत और पालि भाषा में नए विद्यार्थियों की रुचि कम हो रही है क्योंकि वे अब अपने भारत-प्रेम में हिंदी सीखना चाहते है। केदार जी अनौपचारिक रूप में, अलग से, हिंदी की कक्षाएं भी लेने लगे। फिर उनके मन में विचार आया कि क्यों न अपने विभाग में हिंदी को औपचारिक रूप से पढ़ाना प्रारंभ कराएं। विश्वविद्यालय परिषद के अध्य़क्ष प्रो. खुन्यिंग खैस्री स्री अरून और अन्य अधिकारियों ने सहमति दे दी। हमारे यहां की तरह तो था नहीं कि शिक्षा का एक टापू बन गया तो वह किसी अन्य द्वीप से मिल ही नहीं सकता। बहरहाल, परिणाम अच्छा निकला। तीन साल पहले चार-पांच विद्यार्थी थे अब लगभग डेढ़ सौ हो गए हैं। हमारा विदेश मंत्रालय और यहां का भारतीय दूतावास भी उन्हें प्रोत्साहित कर रहा है। विदेश मंत्रालय की उपसचिव हिंदी, डॉ. सुनीति शर्मा भारत से खूब सारी पुस्तकें ले आईं। थाईलैंड में भारत के राजदूत श्री हर्षवर्धन शृंगला, हैं तो नॉर्थ ईस्ट के पर हिंदी में गहरी रुचि रखते हैं। अगले दिन संगोष्ठी के उद्घाटन के लिए आए थे।

—एक दिना पैलै जाय कै का कियौ जे बता।

—आपकी दिलचस्पी संगोष्ठी में नहीं है चचा। वहां अगले दिन के लिए तैयारी करते बच्चों को देखा। बी.ए. की एक छात्रा रंगीन बुरादों से अल्पना बना रही थी। एक दीपक की लौ के ऊपर एक मोरपंख था। मैं बोला, अरे ये मोरपंख जल जाएगा। वह हिंदी में निष्णात नहीं थी। उसने कोई उत्तर नहीं दिया पर अपने आईफोन पर अल्पना की एक सम्पूर्ण डिज़ाइन दिखाई, जिसमें दीप के चारों ओर लगभग पंद्रह मोरपंख थे। डिज़ाइन देख कर यह भय जाता रहा कि मोरपंख जल जाएगा। भाषा की चार दक्षताओं, सुनना, बोलना, पढ़ना और लिखना में से वह सुनकर समझना सीख गई थी। यानी, मेरा प्रश्न समझ गई थी। मैंने उसे ‘अल्पना’ और ‘रंगोली’ दो शब्द बोलने सिखाए। नाम पूछा, उसने बताया, पुण्यवी सोंग्सर्म। वाह, पुण्यवी कितना अच्छा नाम है। अगले दिन मैंने देखा कि उसके पुण्य-कार्य के साथ बड़ा अन्याय हुआ।

—का भयौ?

—अगले दिन मैंने देखा कि पुण्यवी की रंगोली पूरी हो चुकी थी। शानदार कलाकृति! ऐसा लगता था मानो वह अल्पना फ़र्श के पत्थर का ही एक हिस्सा हो। थोड़ी देर बाद आशियान देशों से आए हुए प्रतिभागी बेध्यानी में अल्पना को रौंदते हुए चले गए। पुण्यवी तो वहां नहीं थी लेकिन उसकी छात्रा मित्रों की आंखों में आंसू आ गए। छात्र भी गुमसुम से थे। ज़ाहिर है पुण्यवी ने कई घंटे मेहनत की होगी। मुझे भी काफ़ी दुख हुआ। ’थाईलैंड हिंदी परिषद’ के अध्यक्ष, अपने पुराने मित्र सुशील धानुका भी दुखी हुए। हम संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में चले गए। सत्र के बाद बाहर निकले तो देखा कि रंगोली सबने मिलकर ठीक कर दी है और उसके चारों ओर सुरक्षा के लिए गमले रखे हुए हैं। सच चचा, बड़ी राहत मिली। 

—तू पहले दिना की और बातन्नै बता!

—मैं समझ गया चचा, तुम्हारी दिलचस्पी, संगोष्ठी में नहीं है। 


चौं रे चम्पू, 'ज़रा सी ज़िंदगी ज़रा सा ज्ञान' —अशोक चक्रधर | Choun re Champoo - Ashok Chakradhar

संस्थान और अकादमी का यह योगदान मैं कैसे भूल सकता हूं कि इन्हीं के ज़रिए एक से एक दिग्गज महनीय साहित्यकार और श्रेष्ठ व्यक्तियों के निकट आने और सम्मान देने-पाने का सुयोग मिला — अशोक चक्रधर


चौं रे चम्पू 

ज़रा सी ज़िंदगी ज़रा सा ज्ञान 

—अशोक चक्रधर


—चौं रे चम्पू! तेरे अंदर काए बात कौ गरूर ऐ?

—मैं तो समझता हूं कि मगरूर नहीं हूं, गुरूर से दूर हूं, पर अंदर-अंदर गुरूर जैसा कुछ ज़रूर होगा। इंसान को अपना गुरूर और अपने अवगुण मुश्किल से दिखाई देते हैं। कमंडल में कसैला जल होगा तो पीने वाले के मुख पर कसैला भाव आएगा। कुंडल में कस्तूरी होगी तो महक अपने आप फैलेगी। चचा, बताओ क्या मैं आपको आत्म-मुग्ध मृग दिखाई देता हूं।

—फेसबुक पै अपनी फोटू चढ़ाइबे वारे खुद पै लट्टू होंय कै नायं?

—ओहो, अब आप मुझ पर व्यंग्य कर रहे हैं चचा। चाहने वाले बढ़ते जाएं या कुछ न चाहने वाले भी हों तो वे जानना तो चाहेंगे कि बंदा कर क्या रहा है इन दिनों। श्वेत-श्याम में तो कुछ नहीं होता। ज़िंदगी सिलेटी होती है। फेसबुक की स्लेट पर हर तरह की रंगीन-संगीन इबारत दिखाई देती हैं। प्रशंसाएं मुग्ध तो करती हैं, पर आत्म-मुग्धता नहीं बढ़ातीं, कुछ और अच्छा करने की चुनौतियां बढ़ाती हैं। हां, निंदानुमा कुछ ज़रा सा भी आ जाए, तो दग्धता स्वाभाविक है, पर उसमें भी मैं ’सुखे-दुखे समेकृत्वा’ वाला भाव बनाए रखने का प्रयास करता हूं। इंटरनेट के जनतंत्र में सबको बोलने का अधिकार है। मैंने एक मुक्तक बना कर स्वयं प्रसन्न रहने का एक नुस्ख़ा तैयार किया था।

—हमैंऊ बताय दै।

—मैंने लिखा, ’मदद करना सबकी, इनायत न करना। न चाहे कोई तो हिदायत न करना। शिकायत अगर कोई रखता हो तुमसे, पलट के तुम उससे शिकायत न करना।’ लेकिन दिक़्क़त ये है कि आदमी हर हाल में प्रसन्न रहना नहीं चाहता। मदद करते हो, फिर जताते हो कि इनायत की है। कुपात्रों को नसीहत देने से बाज़ नहीं आते। ज़रा सी निंदा हो जाय तो स्वयं को शिकायतों का पुलिंदा बना लेते हो। अरे, ज़िंदगी में जो अच्छा किया है वह एक मधुर गीत है। उसकी अनुगूंज में मुग्ध रह लो तो बुरा नहीं, आत्म-मुग्ध होते ही गीत बेसुरा होने लगता है। ज़रा सी ज़िंदगी, ज़रा सा ज्ञान, कैसा मान कैसा अभिमान! तो आपने मुद्दा उठाया था गुरूर वाला। उसका उत्तर सुनिए!

—मोय पतौ ऐ कै तू का जबाब दैबे वारौ ऐ! छोड़!

—क्यों छोड़ूं? आपको सब पता है, फिर भी सुन लीजिए। अहंकार और स्वाभिमान में अंतर होता है। उर्दू में कहूं? गुरूर और ख़ुद्दारी में फ़र्क़ होता है। मैं स्वाभिमान और ख़ुद्दारी का पक्षधर हूं। अभिमान या अहंकार तो आडंबरपूर्ण होता है। उसमें खरदिमागी रहती है, वह मदांध बना सकता है। दिमाग अर्श पर हो तो फ़र्श पर आते देर नहीं लगती। दर्प-दंभ किसका टिकता है भला? ऐंठ में रहकर पेंठ जाओगे तो कोई टके सेर नहीं पूछेगा। घमंडी का मंडी में क्या काम? मिजाज़ सातवें आसमान पर होगा तो सात लोग साथ नहीं रहेंगे। अहम्मन्यता आक्रामक बनाती है। जबकि स्वाभिमान और ख़ुद्दारी विनम्र और सकारात्मक। हां, स्वाभिमान के साथ आत्मगौरव, आत्मसम्मान, आत्मप्रतिष्ठा और ग़ैरतमंदी आने से अपने अंदर एक हवा सी तो बनती है। स्वयं कुप्पा होने को जी चाहने लगता है।

—तू सब्दन की हुसियारी मती दिखा चम्पू!

—शब्दों की हुशियारी से कई बार गड़बड़ हो जाती है चचा। होली के दिन लंदनवासी तेजेन्द्र शर्मा से बात हो रही थी। वे भी फ़ुरसत में थे और मैं भी। काफ़ी लंबी बातें हुईं। मित्रों के साथ तो दुख-दर्द सांझा किए ही जाते हैं। उन्होंने पूछा आपकी तकलीफ़ फेसबुक पर चढ़ा दूं? मैंने भी आत्मीयता में कह दिया, जैसा मन करे। बातचीत में कहीं मैं कह बैठा था, ‘अकादमियों से जुड़ा तो आदमियों से दूर होता चला गया’। बातचीत में मेरा भाव था कि दो-दो संस्थाओं की व्यस्तता के रहते अपने आदमियों को पर्याप्त समय नहीं दे पाया। उन्होंने फेसबुक पर इसे शीर्षक बना दिया। मेरे बारे में अच्छा ही लिखा, पर लोग तो इस शीर्षक के कितने ही अर्थ निकाल सकते हैं, जो मैंने स्वप्न में भी न सोचे हों। अब बताइए, संस्थान और अकादमी का यह योगदान मैं कैसे भूल सकता हूं कि इन्हीं के ज़रिए एक से एक दिग्गज महनीय साहित्यकार और श्रेष्ठ व्यक्तियों के निकट आने और सम्मान देने-पाने का सुयोग मिला। हां, कुछ के कोसने भी मिले। मैं क्या करूं बताइए!

—भौत मैं-मैं कल्लई। सब्दन के खेल ते कबहुं-कबहुं खेल बिगरि जायौ करै चम्पू! अपनी तकलीफन की नायं, जमाने की और जमाने की तकलीफन की बात कियौ कर।

चौं रे चम्पू, "सान्निध्य बनाम सहभागिता" —अशोक चक्रधर | Choun re Champoo - Ashok Chakradhar


चौं रे चम्पू 

सान्निध्य बनाम सहभागिता 

—अशोक चक्रधर

—चौं रे चम्पू! उड़ौ ई फिर रह्यौ ऐ? पिछले हफ्ता कहां-कहां डोलि आयौ?

—चचा, इस सप्ताह मुम्बई, रांची, जमशेदपुर, कोलकाता और गुवाहाटी गया। कल ही लौटा हूं। अब फिर से मुम्बई जाना है।

—ऐसौ का है गयौ कै घर में टिकै ई नायं? 

—चचा, मैं प्रायः कहता हूं कि कविसम्मेलन में जाने वाले कवियों के लिए ये फसल-कटाई के दिन हैं। आंधी के आम इसी दौरान टपकते हैं। एक-एक दिन के चार-चार निमंत्रण हैं। कहां जाओ, कहां मना करो, बड़ी दुविधा रहती है। ऊपर से लिखाई-पढ़ाई के काम भी रहते हैं। फ्लाइट में रहूं या रेल में, लगा रहता हूं अपने कम्प्यूटर पर लेखन के खेल में। होली के दौरान लोग रंगारंग-कार्यक्रम करते हैं, उत्सवधर्मिता रहती है। ये हमारे देश और पूरे भारतीय महाद्वीप का ही जलवा है कि कविता सुनने के लिए हज़ारों की संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। मैं जाता रहता हूं। सिर्फ़ इसलिए नहीं कि पैसा मिलता है, बल्कि इसलिए भी कि सुनने वालों से निगाहें मिलती हैं। इधर, कविसम्मेलनों में फिर से जाना पसन्द करने लगा हूं।

—तौ बन्द चौं कियौ जानौ?

—बन्द नहीं, कम किया था। संस्थान और अकादमी के कार्यों में इतना व्यस्त रहता था कि आयोजकों से क्षमा मांगनी पड़ती थी। दिल्ली की हिन्दी अकादमी का उपाध्यक्ष रहकर मैंने सैकड़ों कार्यक्रमों को आयोजित करने-कराने में अपनी सकर्मक भूमिका निभाई। इतने कार्यक्रम हुए कि अख़बार में अपना नाम ‘सान्निध्य’ में देखकर अकुलाहट होने लगी थी। मैंने सचिव महोदय से अनुरोध किया कि मेरे नाम से पहले ‘सान्निध्य’ न छापा करें। फ़कत सान्निध्य-सुख पाने के लिए तो नहीं आता हूं। आपके साथ योजनाओं के बनाने, कार्यक्रमों को आयोजित कराने, आपके नाटकों, आपकी फिल्मों में अपना योगदान देने में लगा ही रहता हूं, इसलिए ‘सान्निध्य’ नहीं, ‘सहभागिता’ लिखा करिए। मेरी बात चल गई। निमंत्रण-पत्रों और विज्ञापनों मे वे ‘सहभागिता’ लिखवाने लगे। तीन-चार बार तो छपा, लेकिन मैंने फिर से निमंत्रण-पत्र में ‘सान्निध्य’ छपा देखा। मैंने सचिव महोदय से पूछा, ऐसा क्यों करने लगे? सचिव महोदय भी संवेदनशील लेखक हैं, उन्होंने कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया, कहने लगे आप स्वयं समझ जाइए। मैंने कहा, मैं समझ गया।

—तू का समझौ हमैंऊ समझाय दै।

—चचा, मैं यह समझा कि दिल्ली सरकार की छः अकादमियां हैं, हिन्दी, उर्दू, संस्कृत, पंजाबी, सिंधी और भोजपुरी। इन सभी में उपाध्यक्षों का नाम सान्निध्य के रूप में ही छपता है। मुझे नहीं मालूम कि उनकी कितनी सहभागिता रही अथवा रहती होगी। उनसे यही उम्मीद की जाती है कि वे कार्यक्रमों में दीप-प्रज्जवलन करने, पुष्प गुच्छ लेने, प्रारम्भ में दो शब्द बोलने और कलाकारों के मनोबल-वर्धन के लिए शोभा-वर्धक बनकर कर आएं। मैं कोई दखलंदाजी तो नहीं करता था सचिवों के कामों में, लेकिन नाटक हों या साहित्य-संगोष्ठी, शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रम हों या लोकवृन्द प्रस्तुतियां, लोकनृत्य हों या लोकनाट्य, अकादमी के लिए फिल्म-श्रृंखला का कार्य हो या मल्टी-मीडिया प्रस्तुतियां, लगा ही रहता था। पैसा किसी कार्य के लिए लेता नहीं था। लेता क्या, मिलता ही नहीं था। अकादमी ने एक सहायक दिया, वह इन कार्यक्रमों के सुचारु समायोजन के लिए सक्रिय रहता था। जितने कार्यक्रम हुए उनमें सिर्फ़ दो शब्द नहीं बोलता था। दो शब्द के नाम पर विषय प्रवर्तन से लेकर अंत में रोचक समीक्षा, अपने अंदाज़ में किया करता था। पुनः ‘सान्निध्य’ लिखे जाने ने यह संदेश दिया कि आप तो दीप जलाओ, पुष्पगुच्छ पाओ पर सहभागिता न बढ़ाओ। फिलहाल तो उस आई-गई सरकार के कारण मैंने त्याग-पत्र दे ही दिया। अब अच्छा रहेगा।

—अब अच्छौ चौं रहैगौ?

—अगर हिन्दी अकादमी वाले मुझे पहले की तरह कवि-लेखक के रूप में बुलाएंगे तो अब पहले की तरह ही पारिश्रमिक भी देंगे। पहले सिर्फ़ दो-ढाई हज़ार रुपए मिलते थे, मेरे कार्यकाल में सबका पारिश्रमिक बढ़ा है तो अब मुझे भी ज़्यादा मिलने लगेगा। मैं अपनी सहभागिता बन्द नहीं करूंगा। 

—और संस्थान कौ का भयौ?

—अरे, क्या मैंने आपको बताया नहीं? फरवरी में मेरा कार्यकाल पूरा हो रहा था। इन पदों के लिए मैंने न तो मानव संसाधन विकास मंत्री से कहा था, न दिल्ली की मुख्यमंत्री को कोई आवेदन दिया था। उन्होंने मेरा मनोनयन किया, मैंने स्वीकार किया। पद पर पुनः बने रहने की मेरी कामना संस्थान के अकर्मण्य रवैये के कारण समाप्त हो गई। वहां एक विज़न ट्वैंटी-ट्वैंटी देकर आया हूं। मुझे पूरी उम्मीद है कि नए उपाध्यक्ष डॉ. वाई. लक्ष्मी प्रसाद उस दिशा में, और अपने दृष्टिकोण के हिसाब से, कामकाज को आगे बढ़ाएंगे। मित्र हैं, आत्मीयता है उनसे, उम्मीदें हैं। बहरहाल मैं फिर से एक आज़ाद परिन्दा हूं। फेसबुक पर मेरे पेज को लाइक करने वाले निरंतर बढ़ रहे हैं। उनकी बढ़ती संख्या देखकर एक बच्चे की तरह ख़ुश होता हूं। आज एक लाख पांच हज़ार से ज़्यादा हैं। अपनी फ़ोटोग्राफ़ी के शौक को पूरा करता हूं और खींचे गए छाया-चित्र से जुड़ी हुई कवितानुमा पंक्तियां जोड़ता रहता हूं। आनन्द में कोई कमी नहीं है। तुमने बगीची में टेसू भिगो दिए होंगे, जिस दिन ठंडाई बनाओगे, उस दिन किसी कविसम्मेलन में नहीं जाऊंगा।  तुम्हारी बहूरानी का जन्म-दिन सत्रह को होली वाले दिन ही है, उस दिन रख लो। और अगले दिन भी क्यों जाऊंगा कहीं! भंग-भवानी कहां जाने देगी?

—भंग मिलायबौ बन्द कद्दियौ लल्ला! ठंडाई में मन की हुरियाई की हरियाली कौ उल्लास घोलौ जायगौ। सत्रह कू अइयौ जरूल!

अशोक चक्रधर
जे - 116, सरिता विहार, नई दिल्ली - 110076


चौं रे चम्पू, "उल्लू ने सूरज पर मुकदमा किया" —अशोक चक्रधर Choun re Champoo - Ashok Chakradhar

चौं रे चम्पू 

उल्लू ने सूरज पर मुकदमा किया

—अशोक चक्रधर

—चौं रे चम्पू! उल्लू, गधा, कुत्ता, जे गारी ऐं का?

—ये प्रेमपूर्ण गालियां हैं। वैसे यह बात इन तीनों जंतुओं से पूछनी चाहिए कि जब मनुष्य से इनकी तुलना की जाती है तो इन्हें कैसा लगता है? मेरा मानना है कि तीनों जंतु मनुष्य को लाभ ही पहुंचाते हैं, ख़ास नुकसान तो नहीं करते। उल्लू मनुष्य-समाज से दूर रहना पसन्द करता है। गधा एक सधा प्राणी है। कुत्ता निकट रहकर वफ़ादारी के कीर्तिमान बनाता है। कहा भी जाता है, ‘ज़माने में वफ़ा ज़िन्दा रहेगी, मगर कुत्तों से शर्मिन्दा रहेगी।’ जहां तक उल्लू का सवाल है, उल्लू को निर्बुद्ध, अपशकुनी और निशाचर माना जाता है। मेरी एक कविता की शुरुआत कुछ इस तरह से होती है, ‘गुर्गादास, कुछ उदास! मैंने पूछा, कष्ट क्या है ज़ाहिर हो! वे बोले, आजकल उल्लू टेढ़ा चल रहा है। मैंने कहा, तुम तो उल्लू सीधा करने में माहिर हो।’ आजकल चचा, सब अपना उल्लू सीधा करने में लगे हैं। चुनाव आने वाले हैं इसलिए सारे गुर्गादास परेशान हैं।

—जे बता चम्पू कै उल्लू सीधौ करिबे कौ मलतब का ऐ?

—यह एक शोध का विषय है। मुहावरों का जन्म किसी न किसी कारण से होता है, यह बात तय है। मुझे लगता है लक्ष्मी का वाहन होने के कारण माना जाता है। अपनी मूर्खता के रहते वह उचित-अनुचित का ध्यान नहीं रखता कि कहां लक्ष्मी की आवश्यकता है कहां नहीं है। जहां लक्ष्मी पहले से धनवृष्टि कर चुकी होती हैं, वहां उल्लू और-और कृपाएं दिलवाता है। अपने वाहन पर लक्ष्मी का कोई अंकुश तो शायद होता नहीं। ऐसे में जो लोग उल्लू में कंकड़ मार कर या सीटी बजा कर या गुलेल से दिशा बदल कर, अपने घर की तरफ सीधा करते रहे होंगे, वे ही उल्लू सीधा करने में माहिर माने जाते होंगे।

—दम ऐ तेरी बात में लल्ला, और काठ कौ उल्लू?

—अब ये कोई गाली है क्या? हमारे प्रशासन में कितने ही ऐसे व्यक्तित्व हैं जो काठ की मेज कुर्सी पर काठवत बैठे रहते हैं। ज़्यादा काम करो, ज़्यादा तनाव। कम काम करो, कम तनाव। कोई काम न करो, कोई तनाव नहीं। ऐसे काठ के उल्लू तनाव-शून्य रहते हैं।

—और उल्लू की दुम, उल्लू कौ पट्ठा?

—उल्लू की दुम का मुहावरा, ‘तुम’ से तुक मिलाने के लिए बना होगा। उल्लू कौ पट्ठा, तुम्हारे लिए नहीं, तुम्हारे संरक्षक के लिए उलाहना है।

—हास्य-ब्यंग के कवीन कूं जे तीनोंई प्रानी भौत पसन्द ऐं।

—हां चचा! इन पर हज़ारों कविताएं लिखी गई होंगी। ‘बरबाद गुलिस्तां करने को बस एक ही उल्लू काफ़ी है, हर शाख पे उल्लू बैठा है अंजामे गुलिस्तां क्या होगा?’ लेकिन चचा, अभी साहित्य अकादमी ने एक काव्य-उत्सव कराया। सोलह विदेशी कवि थे, पच्चीस भारतीय भाषाओं के। मॉरीशस से मेरे एक पच्चीस साल पुराने मित्र धनपाल राज हीरामन भी आए हुए थे। उन्होंने उल्लू पर एक मज़ेदार कविता सुनाई, ‘उल्लू ने सूरज पर मुकदमा कर दिया, उसकी शिकायत थी कि उसे दिन में भी दिखाई नहीं देता। सबूत के तौर पर उसने न्यायाधीश को अपनी मोटी-मोटी आंखें दिखाईं। सूरज मामला हार गया। जब से उसको जेल हुई, तबसे उल्लू रात को भी देखने लगा।

—जा कबता में का ब्यंग भयौ?

—कमाल है! एक व्यंग्य तो यह है कि आजकल उल्लू जैसे निर्बुद्ध, सूरज जैसे लोगों पर मुकदमा कर सकते हैं। दूसरा यह कि सूरज कैद में होगा तो समाज में चेतना का उजाला कैसे फैल पाएगा? उल्लूओं का ही साम्राज्य होगा।

—तोय उल्लू कह्यौ जाय तौ बुरौ तौ नायं मानैगौ?

—क्यों मानूंगा? उल्लू निशाचर है। हम भी रात-रातभर कविताएं सुनाने वाले निशाचर हैं। बुरा क्या मानना! जब हमारी व्यंग्य कविताएं इसीलिए होती हैं कि दूसरे बुरा मानें तो हमें भी कोसने वालों को नहीं कोसना चाहिए। अपना धैर्य परोसना चाहिए।

—धैर्य कौ धन तौ गधा कह्यौ जाय?

—वह भी कह लो, कोई आपत्ति नहीं, क्योंकि गधा तो स्वर्ग का अधिकारी है। निर्भय जी ने लिखा था, ’कोई कहता कूड़ा-करकट कीच गधा है। कोई कहता निपट-निरक्षर नीच गधा है। पर शब्दों के शिल्पी ने जब शब्द तराशे, उसने देखा स्वर्गधाम के बीच गधा है।’ चचा! फ़ाइनली, प्रेम ऐसा मामला है जो इंसान को उल्लू, गधा, कुत्ता कुछ भी बना सकता है।