
वरिष्ठ लेखिका मैत्रेयी पुष्पा ने जनसत्ता में प्रकाशित अपने लेख "स्त्री विमर्श और आत्मालोचन" में नयी पीढी की महिला कहानीकारो के लेखन पर कई सवाल उठाए, जिसे हमने शब्दंकान पर प्रकाशित भी किया था। उनके इस लेख पर गंभीर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
कुछ लोगो ने यह कहा कि उन्हें, बिना पढे पूरी पीढ़ी को खारिज नहीं करना चाहिए था। कुछ ने कहा कि नयी पीढ़ी पर मैत्रेयी पुष्पा का गहरा प्रभाव है। जो विमर्श उन्होंने शुरु किया था, नयी पीढ़ी उसी को आगे बढ़ा रही है। मैत्रेयी जी के लेख के विरोध में कई स्वर उठे। यहां तक कि उनके समर्थन में उनकी ही पीढ़ी की लेखिकाएं भी नहीं आईं।
महिलाओं की मासिक पत्रिका बिंदिया का जुड़ाव साहित्य से लगातार बढ़ता ही दिख रहा है, आपने शब्दांकन पर पहले भी पत्रिका की संपादिका गीताश्री के लेखों को पढ़ा है। अब बिंदिया ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है और हिंदी की कुछ वरिष्ठ और नयी पीढी की लेखिकाओं से इस मुद्दे पर बात की और उनकी प्रतिक्रियाओं को छापा।
उनमें से महुआ माजी, रजनी गुप्त और मणिका मोहिनी की प्रतिक्रियाएं यहां शब्दांकन पर आपके लिए ...
आपका
![]()
हम अपने दौर का समाज दिखा रहे हैं
- महुआ माजी

आज के दौर की लेखिकाएं स्त्री विमर्श के नाम पर देह विमर्श कर रही हैं ये कथन सभी लेखिकाओं पर लागू नहीं होता। मेरे दोनो उपन्यास गंभीर विषयों पर है। “मैं बोरिशाइल्ला” बांग्लादेश की मुक्ति-गाथा पर केंद्रित है, जिसमें संप्रदायिकता के असर की भी बात की गई है। दूसरा उपन्यास "मरंगगोड़ा" नीलकंठ में यूरेनियम रेडिएशन के दुष्प्रभाव की चित्रण किया गया है। इस तरह के प्रसंग आए भी हैं तो वो जरूरत के हिसाब से रखे गए हैं वो उस कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। बेवजह नहीं डाले गए हैं। वैसे ही अन्य लेखिकाओं ने भी जरूरत के हिसाब से उसे डाला है। केवल उसी के लिए कहानी का ताना बाना नहीं बुना गया। ये कोई अछूता विषय तो है नही, कि कहानी की जरूरत है फिर भी बच कर चल रहे हैं। जहां तक उनकी ये बात कि आज के दौर की लेखिकाओं द्वारा किया जा रहा स्त्री विमर्श पुरुष विरोधी है तो उसकी शुरुआत तो मैत्रेयी जी ने ही की है। सभी लेखिकाएं ऐसा नहीं करती। कहानी की मांग के अनुसार तथ्यों को रखा जाता है। आप उसे जो भी मानें।
- रजनी गुप्त

उम्र को छिपाकर युवा लेखन में कोई जानबूझकर आना चाहता है, ऐसा है या नही, मैं नही कह सकती पर हां, एक बार मैंने महुआ माजी से खुद पूछा था, आपकी उम्र, तो वे तपाक से बोली थी, आप कयास लगाते रहिए। तो संभव है, कुछ रचनाकारों को जो अपवादस्वरूप ही होंगे, अपनी उम्र बताने से परहेज होगा। मगर अधिकांश रचनाकार उम्र नही छुपाते। उम्र छिपाने से आपको भला कैसे युवा रचनाकार मान लिया जाएगा।
दरअसल ये सवाल ही ठीक नही, कुछ ऐसे रचनाकार भी होते हैं जो वयस्क होते हुए भी युवा मानसिकता पर बहुत बढिया लिख लेते हैं सो ये तो मनस्थिति पकड़ने वाली बात है, कौन कितना पकड़ पाता है युवाओं के मन, अनुभूतियों या अहसासों को, लेखक को खांचों में बांटना ठीक नही। समकालीन पीढ़ी का सारा लेखन कैसे कोई भी खारिज कर सकता है। ऐसा सोचना भी ठीक नही, मगर जिस तरह ये बात सही है कि वरिष्ठ लोग समकालीनो को नही पढते, वैसे ही ये भी सही है कि बहुतेरे समकालीन भी एक दूसरे को कतई नही पढते।
जो हैं ही लेखिका, उन्हें आप लेखिका कह कर अहसान नहीं कर रहे
- मणिका मोहिनी

दूसरा आपत्तिजनक कथन है, "वे (युवा लेखिकाएं) लेखन के हल्केपन की परवाह नहीं करती, जवानी को संजोए रखने की फ़िक्र में हैं." और अपनी असली उम्र नहीं बतातीं। अरे मैत्रेयी जी, हमारी-आपकी जवानी जा रही है, तो इसका यह मतलब नहीं कि दूसरों की जवानी से जलें। यह विचारणीय प्रश्न है कि युवा लेखन कैसे निर्धारित हो? क्या लेखक की उम्र से या लेखन की उम्र से? जिन लेखक/लेखिकाओं ने चालीस वर्ष की उम्र के बाद लेखन की दुनिया में प्रवेश किया, वे अपनी किस उम्र तक या अपनी लिखी कितनी पुस्तकों तक युवा कहलाएंगे? स्त्री विमर्श की चर्चा करते समय लेखिकाओं को इन शब्दों में ललकारना निन्दास्पद है एवं विषयांतर भी।
मैत्रेयी का तीसरा प्रश्न जो स्त्री विमर्श से जुड़ा है वह है, "आज की रचनाओं में लिव इन रिलेशनशिप, अफेअर, मैरिज, डाइवोर्स, और कितने-कितने लोगों से यौन सुख का रिफ्रेशमेंट उफ़ ! यह स्त्री विमर्श? स्त्री का मनुष्य रूप केवल यही है? उसने अपने हक़-हकूक केवल इसी स्थिति के लिए लेने चाहे थे?" लेकिन बाद में उन्होंने मान भी लिया कि यह सही है, इस विषय पर रचनाएं आनी चाहिए। विज्ञापनों में स्त्री-देह को माध्यम बनाने का विरोध सही है लेकिन मैत्रेयी को विवाह के मौके पर स्त्री का साज-श्रृंगार करना भी नहीं सोहता। क्या विमर्श के नाम पर स्त्री अपनी इयत्ता को खो दे?
मैत्रेयी को क्यों है युवा लेखिकाओं पर इतना क्रोध? क्यों है युवा लेखिकाओं से इतनी ईर्ष्या? क्या इसलिए कि उन्हें अपना युवा वक़्त ख़त्म होता हुआ लग रहा है?
1 टिप्पणियाँ
एक लेखिका हैं, जिन्होंने अपने दौर का समाज ही नहीं बल्कि अपने जन्म से पूर्व या छह वर्ष की उम्र में ही उस देश के भूगोल का आखों देखा हाल लिख दिया जिस देश में उनका कभी जाना ही नहीं हुआ...उनको दंभ इस बात का भी है कि वे आदिवासी की हित रक्षक हैं और इतने हित रक्षक कि यह हित रक्षण उनको देश हित से या राष्ट्र हित से बढ़ कर लगता है...आदिवासी(एस,टी.) के नाम पर बहुत से लेखक व्यवसाय करते हैं...जिनमें आदिवासी भी शामिल हैं और गैर आदिवासी भी...लेकिन, उनकी दशा दिशा को राह दिखलाने वाला साहित्य लिखने की जगह वह विदेशी चिंतन को अग्रसर करती हैं, आदिवासी के नाम की ओट में नोट बनाने के लिए...एक लेखिका हैं, जिनको एक मठाधीश ने अपनी किताब में 'कुतिया' कह कर संबोधित कर दिया और वह मस्त हैं इस उपाधि को पा कर...पुष्पा जी ने ऐसी ही लेखिकाओं को अपने लेख में समावेशित कर बहुत नेक काम किया है....
जवाब देंहटाएं