अमर उजाला शब्द सम्मान 2026 अपने आठवें पड़ाव पर पहुँच गया है। वर्ष 2026 के शब्द सम्मान समारोह में साहित्य जगत की विभूतियों और वर्ष की श्रेष्ठ कृतियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए नामांकन और प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रविष्टियाँ 30 सितंबर, 2026 तक भेजी जा सकती हैं।
भारतीय भाषाओं के सामूहिक स्वप्न को सम्मानित करने वाले अमर उजाला शब्द सम्मान के अंतर्गत इस वर्ष भी दो आकाशदीप अलंकरण और पाँच श्रेष्ठ कृति सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
दो आकाशदीप अलंकरण
किसी रचनाकार के समग्र साहित्यिक अवदान और अनवरत रचनाधर्मिता के लिए दिए जाने वाले शिखर सम्मान आकाशदीप के अंतर्गत हिंदी और एक अन्य भारतीय भाषा के एक-एक सर्जक को सम्मानित किया जाएगा। दोनों सम्मानित रचनाकारों को पाँच-पाँच लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
श्रेष्ठ कृतियों के लिए पाँच सम्मान
वर्ष की श्रेष्ठ कृतियों के लिए पाँच अलग-अलग सम्मान दिए जाएंगे। प्रत्येक सम्मान के साथ एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
- थाप — लेखक की पहली प्रकाशित कृति के लिए।
- छाप — कविता, कथा और गैर-कथा की श्रेणियों में तीन अलग सम्मान।
- भाषा बंधु — हिंदी और भारतीय भाषाओं के बीच पारस्परिक अनुवाद के लिए।
इस वर्ष छाप (कथा) के अंतर्गत उपन्यास को भी विचारार्थ लिया जाएगा। वहीं थाप (प्रथम प्रकाशित कृति) के कथा वर्ग में कहानी-संग्रह और उपन्यास विचारार्थ होंगे।
श्रेष्ठ कृतियों का चयन अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा गठित उच्चस्तरीय निर्णायक मंडल करेगा।
अब तक इन साहित्यिक विभूतियों को मिला आकाशदीप अलंकरण
अमर उजाला शब्द सम्मान के अंतर्गत अब तक साहित्य की अनेक प्रतिष्ठित विभूतियों को आकाशदीप अलंकरण से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें डॉ. नामवर सिंह, गिरीश कारनाड, ज्ञानरंजन, भालचंद्र नेमाड़े, विश्वनाथ त्रिपाठी, शंख घोष, शेखर जोशी, प्रतिभा राय, विनोद कुमार शुक्ल, एम.टी. वासुदेवन नायर, गोविंद मिश्र, सितांशु यशश्चंद्र, ममता कालिया और अरमबम ओंगबी मेमचौबी शामिल हैं।
लेखक, प्रकाशक या पाठक—कोई भी भेज सकता है प्रस्ताव
शब्द सम्मान के लिए कोई भी भारतीय नागरिक, लेखक, प्रकाशक या पाठक निर्धारित प्रपत्र में प्रस्ताव या अनुशंसा भेज सकता है। इसके लिए आवश्यक प्रपत्र shabdsamman.amarujala.com से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
श्रेष्ठ कृतियों के लिए प्रकाशन वर्ष 2025 निर्धारित किया गया है।
निर्धारित प्रपत्र के साथ प्रस्ताव संयोजक, अमर उजाला शब्द सम्मान, अमर उजाला फाउंडेशन, सी-21/22, सेक्टर-59, नोएडा-201301 के पते पर 30 सितंबर, 2026 तक पहुँच जाने चाहिए।
प्रस्ताव भेजते समय लिफाफे पर स्पष्ट रूप से यह अंकित करना आवश्यक है कि प्रस्ताव किस श्रेणी के लिए है।
0 टिप्पणियाँ